- सेंसेक्स 160 अंक बढ़कर 81,740, निफ्टी 24,900 के स्तर पर मुंबई (ईएमएस)। बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव की वजह से भारतीय शेयर बाजार बुधवार के कारोबारी दिन गिरावट के साथ खुला, लेकिन शुरुआती कारोबार में ऑटो, आईटी और पीएसयू बैंक सेक्टर में खरीदारी के चलते जल्द ही हरे निशान में आ गया। सुबह सेंसेक्स 160.49 अंक बढ़कर 81,743.79 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 57.40 अंक बढ़कर 24,910.80 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी बैंक 33 अंक बढ़कर 55,747.15 पर था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 20.35 अंक की गिरावट के बाद 58,358.95 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 7.55 अंक की गिरावट के बाद 18,412.80 पर था। विश्लेषकों के अनुसार मध्य पूर्व में युद्ध को लेकर तनाव कम करने की बाजार की उम्मीदें धूमिल हो गईं, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान से बिना शर्त आत्मसमर्पण करने का आह्वान किया। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रंप का लेटेस्ट पोस्ट और पश्चिम एशिया में अमेरिकी रक्षा गतिविधियों से संघर्ष के बढ़ने का संकेत मिलता है। बाजार के जानकारों का कहना है कि हालांकि, वैश्विक इक्विटी बाजारों में पैनिक की स्थिति नहीं है और ऐसा प्रतीत होता है कि बाजारों का आकलन है कि यह संघर्ष वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित किए बिना जल्द ही समाप्त हो जाएगा। वहीं एशियाई बाजारों में बैंकॉक, जापान और सोल हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि जकार्ता, हांगकांग और चीन लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजारों में पिछले कारोबारी सत्र में डॉव जोन्स 299.29 अंक की गिरावट के साथ 42,215.80 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 इंडेक्स 50.39 अंक की गिरावट के साथ 5,982.72 पर और नैस्डैक 180.12 अंक की गिरावट के साथ 19,521.09 पर बंद हुआ। सतीश मोरे/18जून ---