मनोरंजन
19-Jun-2025
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में बालीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री राशि खन्ना एक सादगी भरी सैर पर निकलीं। इस सैर के दौरान राशि खन्ना ने शहर की गर्मजोशी, विविधता और रोजमर्रा की खूबसूरती को गहराई से समझा। उन्होंने इस महानगर की रफ्तार से अलग, यहां की आत्मा को महसूस किया और उसे अपने शब्दों और तस्वीरों के जरिए बयां भी किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की, उनसे संवाद किया और उनके साथ कई खास पल साझा किए। अभिनेत्री ने अपने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें उनकी सादगी और जुड़ाव साफ झलकता है। एक तस्वीर में वह एक फूल बेचने वाली महिला के बालों में खुद गजरा लगाती नजर आ रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में उनके हाथों में फूल हैं और वह कैमरे की ओर मुस्कराते हुए देख रही हैं। राशि का यह अंदाज़ फैंस को बेहद पसंद आया और सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट तेजी से वायरल हो गई। अपने लुक की बात करें तो उन्होंने नियॉन कलर की कुर्ती पहनी हुई थी, बाल खुले छोड़े थे और माथे पर एक छोटी सी बिंदी उनकी सुंदरता में चार चांद लगा रही थी। अपनी पोस्ट के साथ राशि ने एक भावनात्मक कैप्शन भी लिखा: ‘‘हर गली में एक कहानी है, हर मुस्कान में एक याद। सपने सिर्फ आंखों में नहीं, इस शहर के हर कोने में पलते हैं… कहीं एक गजरा, कहीं एक मुस्कान यहां ख्वाब ज़मीन पर चलते हैं।” इस कैप्शन के जरिए उन्होंने मुंबई के जीवन और उसकी आत्मा को सुंदर रूप में प्रस्तुत किया। वर्कफ्रंट की बात करें तो राशि खन्ना हाल ही में तमिल हॉरर फिल्म ‘अगथिया’ में नजर आई थीं, जिसमें उनके साथ योगी बाबू और ऐडवर्ड सोनेनब्लिक जैसे कलाकार थे। फिल्म एक रहस्यमयी हवेली की कहानी पर आधारित थी, जिसमें 120 साल पुरानी आत्माओं का रहस्य छिपा है। अब राशि अपनी अगली फिल्म ‘तेलुसु काडा’ की तैयारी कर रही हैं, जो नीरजा कोना के निर्देशन में बन रही है। इस फिल्म में उनके साथ सिद्धू जोनालागड्डा, श्रीनिधि शेट्टी और विवा हर्षा नजर आएंगे। सुदामा/ईएमएस 19 जून 2025