राष्ट्रीय
25-Jun-2025


कानपुर (ईएमएस)। कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के भीतरगांव में एक पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ रंगे हाथों पकड़ा। बाद में पति ने पत्नी और उसके प्रेमी की मंदिर में शादी करवा दी! पत्नी ने भी शादी के बाद पहले पति के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। दरअसल योगेश तिवारी की शादी 15 साल पहले सोनी द्विवेदी से हुई थी और उनका एक बेटा भी है। लेकिन सोनी को कन्नौज के विकास द्विवेदी से प्यार हो गया। विकास भी बार-बार सोनी से मिलने उसके गांव पहुंच जाता था। इस प्रेम कहानी से परेशान होकर योगेश के माता-पिता भी गांव छोड़कर चले गए थे। मंगलवार को सोनी अपने मायके से प्रेमी विकास के साथ ससुराल लौटी तो योगेश ने विकास को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन विकास भाग निकला। बाद में गांववालों की मदद से विकास आखिरकार पकड़ा गया। योगेश ने पुलिस और गांव के कुछ समझदार लोगों को बुलाया और मंदिर में सोनी और विकास की शादी करवा दी! शादी के बाद, सोनी ने योगेश के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और मंदिर में पत्नी सोनी ने कहा कि उसका योगेश पति से कोई नाता नहीं है। यह चाहे तो दूसरी शादी कर सकते। इसके बाद योगेश ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ खुशी-खुशी विदा कर दिया। सुबोध\२५\०६\२०२५