भागलपुर, (ईएमएस)। भागलपुर के नवगछिया थाना क्षेत्र के नगरह नवटोलिया मोहल्ले में बुधवार शाम एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान दूल्हा नीतीश कुमार मंडल और उनकी मां नंदिनी देवी की कुछ स्थानीय युवकों ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं हैं। दोनों को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस जांच कर रही है। बताया गया है कि नीतीश कुमार मंडल नगरह नवगछिया के निवासी हैं। उनकी शादी रंगरा थाना क्षेत्र के साधोपुर गांव की एक लड़की से तय हुई थी। शादी का आयोजन तेतरी दुर्गा मंदिर परिसर में होना था। शादी से पहले की रस्में काली मंदिर में पूरी की गईं और उसके बाद परिवारजन डीजे पर पारंपरिक संगीत के साथ नृत्य करते हुए घर लौट रहे थे। इस दौरान महिलाएं और पुरुष अलग-अलग समूहों में नाच रहे थे। विवाद तब शुरू हुआ जब बारात घर के पास पहुंची और कुछ स्थानीय युवक जबरन महिलाओं के बीच घुसकर डांस करने लगे। परिवार वालों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद हो गया और मोहल्ले के युवकों ने दूल्हे नीतीश को खींचकर बेरहमी से पीट दिया। जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं हैं। वहीं उनकी मां नंदिनी देवी को भी धक्का-मुक्की में बुरी तरह घायल किया गया है। इस घटना से उक्त क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने उन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान के लिए जांच चल रही है। उधर इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच भारी गुस्सा है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। संतोष झा- २६ जून/२०२५/ईएमएस