अशोकनगर (ईएमएस)। जिले के चन्देरी थाना क्षेत्र अन्तर्गत हसारी गांव के राम-जानकी मंदिर से चांदी के मुकुट, एक चांदी का जनेऊ और कड़ा चुराने वाले आरोपी को ग्रामीणों ने पकडक़र पुलिस के हवाले कर दिया है। जानकारी अनुसार आरोपी विवेक चौबे पहले मंदिर में ही पूजा करता था, दो महीने पहले ही उसे हटाया था। थाना प्रभारी मनीष जादौन ने बताया आरोपी ने तीन चांदी के मुकुट, एक चांदी का जनेऊ और एक चांदी का कड़ा चुराया था। सभी चोरी की गई वस्तुएं बरामद कर ली गई हैं। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया घटना बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि की है। मंदिर के पास रहने वाली एक महिला की ताला तोडऩे की आवाज से नींद खुली, उसने मंदिर के दरवाजे खुले देखे। महिला ने तुरंत अपने परिवार के सदस्यों को सूचित किया। परिवार के सदस्य जब मंदिर पहुंचे तो विवेक चौबे भागने लगा। लोगों के शोर मचाने पर गांव के अन्य लोग भी जाग गए। चौबे खेतों की तरफ भागा, जहां से होते हुए वह बस स्टैंड तक पहुंचा। वहीं ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही चंदेरी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। ग्रामीणों ने बताया कि विवेक चौबे को दो महीने पहले ही मंदिर की पूजा से हटा दिया गया था। उसे मंदिर में मुकुट होने की जानकारी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 26 जून 2025