तिरुपति (ईएमएस)। गूगल के वाइस प्रेसिडेंट थोटा चंद्रशेखर ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीपी) के अंतर्गत संचालित एसवी प्रणदान ट्रस्ट को 1 करोड़ रुपये का दान दिया है। यह दान गुरुवार को तिरुमला में टीटीपी अध्यक्ष बी. आर. नायडू को चेक सौंपकर किया गया। रिपोर्ट के अनुसार एसवी प्रणदान ट्रस्ट, तिरुमला तिरुपति देवस्थानम का एक धर्मार्थ ट्रस्ट है। यह ट्रस्ट आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को मुफ्त या रियायती दरों पर मेडिकल सुविधा देता है। गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों की मदद करता है। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम यानी टीटीडी ने इस दान के लिए चंद्रशेखर की सराहना की और इसे समाजिक कार्यों के लिए जरूरी बताया। चंद्रशेखर की इस पहल को टीटीडी अधिकारियों ने कृतज्ञता के साथ स्वीकार किया। अध्यक्ष नायडू ने चंद्रशेखर को धन्यवाद देकर कहा कि यह दान न केवल श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि समाज के जरूरतमंदों के प्रति जिम्मेदारी का भी उदाहरण है। तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर, जिसे तिरुपति बालाजी मंदिर कहा जाता है, दुनियाभर में हिंदुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।यह मंदिर विश्व के सबसे समृद्ध मंदिरों में से एक है और हर साल करोड़ों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं। आशीष दुबे / 26 जून 2025