-हिमाचल में 24 घंटे में 5 जगह बादल फटा; 2 हजार टूरिस्ट फंसे, डैम से पानी छोडऩे का अलर्ट संकट की घड़ी आई...नदिया उफनाई -बद्रीनाथ हाईवे के पास बड़ा हादसा, अलकनंदा में गिरा टेंपो-ट्रेवलर, तीन की मौत, कई लापता -मप्र में मानसून की बारिश बनी आफत, इंदौर में छाया अंधेरा, जबलपुर-विदिशा में घरों में घुसा पानी नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ (ईएमएस)। मानसून देश के ज्यादातर हिस्सों को कवर कर चुका है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात में बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात हैं। अहमदाबाद में बारिश के पानी के बहाव में आकर एक बाइक सवार ड्रेनेज लाइन में फंस गया। 9 घंटे बाद उसका शव बरामद किया गया। सूरत का गीतानगर इलाका 3 से 4 फीट पानी में डूबा हुआ है। यहां तबीयत बिगडऩे के बाद एक गर्भवती महिला को फायर ब्रिगेड टीम ने रेस्क्यू किया और अस्पताल पहुंचाया। वहीं वडोदरा में भारी बारिश के चलते अहमदाबाद-मुंबई हाईवे पर 15 किमी लंबा जाम लग गया। उधर हिमाचल प्रदेश में कुल्लू के होरनगढ़ गांव में बादल फटने के एक दिन बाद राहत कार्य जारी है। यहां कई गाडिय़ां मलबे में दब गईं। गुजरात के अहमदाबाद में पिछले 12 घंटे से तेज बारिश हो रही है। इससे अहमदाबाद शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पूर्वी क्षेत्र के मणिनगर, वटवा, सिटीएम, हाटकेश्वर, निकोल ओधव और विराट नगर समेत कई इलाकों में पानी भर गया है। बारिश के पानी के बहाव में एक बाइक सवार ड्रेनेज लाइन में फंस गया। दमकल विभाग ने 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ड्रेनेज लाइन से 200 फीट दूर उसका शव बरामद किया। इस सीजन में अब तक शहर में 6:03 इंच बारिश हो चुकी है। सूरत में भी लगातार तीसरे दिन गुरुवार को बाढ़ के हालात हैं। गीतानगर इलाका 3 से 4 फीट पानी में डूबा हुआ है। यहां तबीयत बिगडऩे के बाद एक गर्भवती महिला को फायर ब्रिगेड टीम ने रेस्क्यू किया और अस्पताल पहुंचाया। इससे पहले, हिमाचल प्रदेश में कुल्लु जिले में पिछले 24 घंटों में जीवा नाला (सैंज), शिलागढ़ (गढ़सा) घाटी, स्त्रो गैलरी (मनाली), होरनगढ़ (बंजार), कांगड़ा और धर्मशाला के खनियारा में बादल फटा। इसके चलते अचानक आई बाढ़ में 9 से ज्यादा लोग बह थे। इसके बाद चले रेस्क्यू ऑपरेशन में 5 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं। धर्मशाला के खनियारा से लापता एक मजदूर को आज सुबह सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। वहीं, कुल्लू में 2 हजार टूरिस्ट फंस गए हैं। डैम से पानी छोडऩे का अलर्ट जारी किया गया है। इधर, राजस्थान में मानसून की बारिश जारी है। बांसवाड़ा में एक दिन में सबसे ज्यादा 8 इंच पानी बरसा। राजौरी में बाढ़, दो बच्चों की मौत जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले की कालाकोट तहसील के सियालसुई इलाके में अचानक आई बाढ़ में दो बच्चों की मौत हो गई। एक अन्य बच्चे को बचा लिया गया। भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ में तीनों बच्चे बह गए थे। पुलिस और स्थानीय लोगों के साथ एक बचाव दल ने तुरंत बचाव ऑपरेशन शुरू किया लेकिन दो बच्चो को बचाया नहीं जा सका। 9 लोग लापता उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी में ट्रैवलर गिर गई। हादसा घोलतीर में बद्रीनाथ हाईवे पर हुआ। ट्रैवलर में 20 लोग सवार थे, इनमें से 3 की मौत हो गई है, जबकि 8 घायल हैं। वहीं, 9 लोग अभी भी लापता हैं। ट्रैवलर में राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के यात्री बैठे थे। ट्रैवलर सवार 20 लोगों के नाम, पता जारी किए गए हैं। तीन मृतकों में से 2 की पहचान मप्र के राजगढ़ निवासी विशाल सोनी (42) और गुजरात में आईमाता चौक सूरत निवासी ड्रिमी (17) के रूप में हुई है। ड्राइवर सुमित ने बताया कि वह यात्रियों को केदारनाथ से दर्शन कराकर बद्रीनाथ धाम ले जा रहे थे। इस बीच रुद्रप्रयाग में घोलतीर के पास एक ट्रक ने पीछे से ट्रैवलर को टक्कर मार दी। इससे मिनी ट्रैवलर अलकनंदा में जा गिरी। सुमित हरिद्वार के रहने वाले हैं। इन्हें भी गंभीर चोट आई है। इनका इलाज रुद्रप्रयाग अस्पताल में किया जा रहा है। मप्र में आफत की बारिश मप्र में तेज बारिश का दौर गुरुवार को भी जारी रहा। इंदौर में दोपहर में ही काले घने बादल छा गए और तेज बारिश होने लगी। गाडिय़ों की लाइट जलानी पड़ी। विदिशा में थोड़ी देर हुई बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया। जबलपुर में भी कई जगह घरों में पानी घुस गया। सतना में कलेक्ट्रेट रोड पर एक पेड़ पर बिजली गिरने का वीडियो सामने आया है। इधर, रायसेन के बेगमगंज में भारी बारिश से कच्चा मकान गिर गया। परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए। लोगों ने तुरंत सभी को बाहर निकाला। दंपती और तीन बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं। बेगमगंज का सुल्तानपुर रोड बंद होने से 50 गांवों का शहर से संपर्क टूट गया है। मांडू में गुरुवार को 5 घंटे में डेढ़ इंच बारिश हुई। यहां अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री दर्ज किया गया। रानी रूपमती के महल पास धुंध छाई रही। रतलाम में गुरुवार सुबह से मौसम खुला रहा, धूप भी निकली। शाम 4 बजे बाद बारिश होने लगी। खंडवा में गुरुवार दोपहर तक उमस रही। इसके बाद तेज बारिश होने लगी। इस बारिश ने समय से पहले बोवनी कर चुके किसानों को राहत दिलाई हैं। इधर, मोरटक्का और आसपास के क्षेत्र में मानसून की पहली बरसात हुई हैं। छिंदवाड़ा में 2 घंटे भारी बारिश छिंदवाड़ा में दोपहर करीब 2 घंटे तेज बारिश हुई। इससे शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया। धार जिले के पीथमपुर में दोपहर 2 बजे के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। यहां 1 जून से अब तक कुल 99 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। 26 जून को कुल 4 मिलीमीटर बारिश हुई है। रायसेन में सुल्तानपुर रोड बंद हुआ रायसेन के बेगमगंज का सुल्तानपुर रोड बंद हो गया है, जिससे 50 गांवों का शहर से संपर्क टूट गया है। पानी के तेज बहाव के कारण पुल की मिट्टी बह गई है। यहां पुलिस तैनात की गई है। रायसेन जिले में बेगमगंज के ग्राम वीरपुर में भारी बारिश से एक कच्चा मकान गिर गया। परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए। लोगों ने तुरंत सभी को मलबे से बाहर निकाला। कैलाश अहिरवार, उसकी पत्नी और तीन बच्चे घायल हैं, सभी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबलपुर में घरों में घुसा बारिश का पानी जबलपुर में गुरुवार सुबह करीब 20 मिनट की तेज बारिश के बाद कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया, जिससे लोग परेशान हो गए और बर्तनों की मदद से पानी निकालते नजर आए। बारिश से सबसे ज्यादा असर राधाकृष्ण वार्ड में देखा गया। यहां नालों का पानी घरों में घुस गया। कई घरों में फर्नीचर और जरूरी सामान भीग गया और खराब हो गया। स्थानीय लोगों ने पार्षद से शिकायत की, जिसके बाद कुछ कर्मचारी पहुंचे।