अहमदाबाद (ईएमएस)| रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ), अहमदाबाद मंडल रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, यात्रियों की सहायता सुनिश्चित करने तथा अवांछनीय गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। 16 जून 2025 से 25 जून 2025 तक 10 दिनों में आरपीएफ द्वारा अनेक महत्वपूर्ण कार्यों को अंजाम दिया गया, जिनमें यात्रियों की सहायता, मानव तस्करी पर नियंत्रण, अवैध वस्तुओं की बरामदगी तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न अभियान शामिल हैं। प्रमुख उपलब्धियाँ इस प्रकार हैं: 1. ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते: पालनपुर स्टेशन से लावारिस एवं असहाय स्थिति में पाए गए 3 नाबालिग बच्चों को RPF द्वारा सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) तथा जीआरपी को सुपुर्द किया गया। यह प्रयास न केवल बाल संरक्षण कानून के अनुपालन का परिचायक है बल्कि मानवीय संवेदनाओं के प्रति RPF की जागरूकता को भी दर्शाता है। 2. ऑपरेशन सतर्क (अवैध शराब के विरुद्ध अभियान): अवैध शराब तस्करी की रोकथाम हेतु चलाए गए अभियान के अंतर्गत RPF द्वारा कुल 03 मामलों में अवैध शराब जब्त की गई। संबंधित आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई हेतु GRP के सुपुर्द किया गया। 3. ऑपरेशन नार्कोस: अहमदाबाद स्टेशन पर अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान एक लावारिस बैग से लगभग 15 किलो गांजा (अनुमानित मूल्य ₹1,51,100) बरामद किया गया। इस संबंध में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की जांच GRP द्वारा की जा रही है। 4. ऑपरेशन अमानत: यात्रा के दौरान यात्री द्वारा छोड़े गए अथवा गुम हुए ₹2 लाख से अधिक मूल्य के कीमती सामानों को आरपीएफ द्वारा सत्यापन उपरांत संबंधित यात्रियों को सुरक्षित रूप से सुपुर्द किया गया। 5. ऑपरेशन यात्री सुरक्षा: यात्रियों की संपत्ति की चोरी से जुड़े मामलों में RPF द्वारा 05 संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु GRP को सौंपा गया। 6. मिशन जीवन रक्षा 20 जून 2025 को प्लेटफॉर्म संख्या 03 पर ड्यूटी पर तैनात RPF स्टाफ इनसार खान ने ट्रेन संख्या 19217 (सौराष्ट्र एक्सप्रेस) के S/3 कोच से चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश कर रही महिला यात्री को गिरने से बचाकर उसकी जान बचाई। यह त्वरित एवं साहसिक कार्य ‘मिशन जीवन रक्षा’ का जीवंत उदाहरण है। इन अभियानों और कार्यों के माध्यम से RPF, अहमदाबाद मंडल ने यह स्पष्ट किया है कि वह न केवल रेलवे परिसरों की सुरक्षा हेतु प्रतिबद्ध है, बल्कि यात्रियों के जीवन, अधिकारों और सुविधा की रक्षा के प्रति भी समान रूप से संवेदनशील है। सतीश/26 जून