व्यापार
27-Jun-2025


-130 किमी की दूरी आधा घंटे में की तय, नहीं करता है आवाज न्यूयार्क (ईएमएस)। सड़कों पर दौड़ते इलेक्ट्रिक वाहन के बाद अब आसमान में भी इलेक्ट्रिक वाहनों की पहुंच बढ़ गई है। बीटा टेक्नोलॉजीज का आलिया सीएक्स300 विमान यात्रियों को लेकर सफलतापूर्वक उड़ान भरने वाला पहला ऑल इलेक्ट्रिक प्लेन बन गया है। अमेरिका के ईस्ट हैंपटन से एक इलेक्ट्रिक प्लेन सवारियों को लेकर न्यूयार्क के लिए उड़ान भरी। यह दूरी 130 किमी की है। इसे तय करने में इलेक्ट्रिक प्लेन को आधा घंटा लगा। इसका खर्च भी सिर्फ 8 डॉलर यानी 694 रुपए आया। यह इलेक्ट्रिक प्लेन कैब से भी सस्ता है। एयरक्राफ्ट के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है। इस प्लेन में 4 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। इसके उलट अगर हेलीकॉप्टर से यह सफर तय करें तो आमतौर पर इस तरह की यात्रा में सिर्फ ईंधन पर ही 13,000 यानी 160 डॉलर से ज़्यादा खर्च आता है। बीटा टेक्नोलॉजीज के संस्थापक और सीईओ ने कहा कि यह शत प्रतिशत इलेक्ट्रिक विमान है, जो यात्रियों को लेकर ईस्ट हैंपटन से कैनेडी एयरपोर्ट तक उड़ा। हमने 35 मिनट में 70 समुद्री मील की दूरी तय की। यह भविष्य में यात्रा के लिए मायने रखता है। इस तरह के इलेक्ट्रिक विमान की उड़ान के दौरान शोर नहीं होता। इन्हें चलाना भी आसान है। प्लेन में आवाज नहीं आने से यात्रा कर रहे लोगों को बातचीत में भी कोई दिक्कत नहीं होती है। आने वाले समय में इसकी वजह से आम आदमी के लिए हवाई यात्रा करना कम खर्चीला हो जाएगा। इस सफलता का श्रेय बीटा टेक्नोलॉजीज को जाता है। कंपनी साल 2017 से ही इलेक्ट्रिक एविएशन पर काम कर रही है। कंपनी को हाल ही में 2,650 करोड़ का निवेश मिला है। जिससे यह तकनीक और ज्यादा विकसित होगी। सीएक्स300 प्लेन रेगुलर टेक-ऑफ और लैंडिंग सिस्टम है। यह एक बार चार्ज करने पर 463 किमी तक उड़ सकता है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसे अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन से मंजूरी मिल जाएगी। सिराज/ईएमएस 27 जून 2025