चंडीगढ़,(ईएमएस)। पंजाब के पूर्व मंत्री और अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्हें विजिलेंस टीम ने लंबी जद्दोजहद के बाद गिऱफ्तार किया था। अब पुलिस उनके खिलाफ एक और केस दर्ज करने की तैयारी में है। पंजाब पुलिस के सूत्रों का कहना है कि मजीठिया और उनके समर्थकों ने विजिलेंस टीम को काम से रोका था। इसके अलावा पुलिस के खिलाफ हिंसा भड़काने की कोशिश भी की गई थी। अब इस मामले में पुलिस केस दर्ज करने वाली है। दरअसल मजीठिया के आवास पर जब विजिलेंस टीम पहुंची थी, तब उसका उनके समर्थकों ने विरोध किया था। इतना ही नहीं एक 5 मिनट से लंबा वीडियो खुद मजीठिया ने एक्स पर शेयर किया था। वीडियो में दिखता है कि मजीठिया विजिलेंस टीम से बहस करते हैं। इसके अलावा विजिलेंस टीम के सादी वर्दी में पहुंचने और एक अधिकारी द्वारा खुद को एसपी बताने पर सवाल उठाते हैं। अब जांच टीम की शिकायत के आधार पर नई एफआईआर ही दर्ज हो सकती है। विजिलेंस टीम के अधिकारियों का आरोप है कि मजीठिया ने अधिकारियों को धमकी दी। इसके अलावा उन पर धक्कामुक्की करने, सबूतों को मिटाने और समर्थकों को पुलिस पर हमला करने के लिए उकसाने का भी आरोप है। विजिलेंस टीम का कहना है कि मजीठिया के समर्थकों ने सर्च के दौरान बाधा पहुंचाई। आशीष दुबे / 27 जून 2025