नई दिल्ली (ईएमएस)। रोहिणी के अमन विहार थाना क्षेत्र में कल देर शाम एक और हत्या हो गई। किराड़ी क्षेत्र के करण विहार में चार-पांच लोगों ने दो भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। छोटे भाई की मौत हो गई और दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों भाई कपड़े सिलाई का काम करते थे। पुलिस की आरंभिक जांच में आपसी रंजिश का मामला लग रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। इस घटना से दो घंटे पहले अमर विहार थाना क्षेत्र में सुल्तानपुरी-रोहिणी सेक्टर-20 के जिला पार्क के पास चाकू से गोदकर एक नाबालिग की हत्या कर दी थी। बृहस्पतिवार देर शाम अमन विहार थाना क्षेत्र के करण विहार में कुछ लोगों ने प्रवीण और दीपक नामक सगे भाइयों पर उस समय चाकू से हमला कर दिया, जब वे सब्जी लेकर अपने घर लौट रहे थे। हमला दोनों के घर के पास ही हुआ। इसके बाद दोनों को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रवीण की मौत हो गई। दीपक का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दो भाइयों की उम्र 30-32 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने निरीक्षण किया और क्राइम टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दीपक की मां पुष्पा ने बताया कि दीपक उनका बड़ा बेटा है और प्रवीण छोटा। दोनों कपड़े सिलाई का काम करते थे। दोनों बेटे बाजार से सब्जी लेकर घर आ रहे थे, इसी दौरान चार-पांच लोगों ने चाकू से हमला बोल दिया। हमलावरों में दो सगे भाई हैं। हत्या के कारण के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। हमला करने वाले लोगों को जानते हैं। अमर विहार थाना क्षेत्र में दो घंटे के अंतराल में दो हत्या होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अजीत झा/ देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/28/जून/2025