राज्य
28-Jun-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। छतरपुर विधानसभा क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण करने के दौरान शुक्रवार को लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने न केवल लोगों की समस्याएं सुनी बल्कि कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि मांडी रोड को एनएचएआइ (नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया) को सौंपने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जैसे ही ये सड़क एनएचएआई के अधीन आएंगी, इन्हें राष्ट्रीय मानकों के अनुसार चौड़ा किया जाएगा। इससे जाम और खराब सड़कों की समस्याओं का स्थायी समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि छतरपुर में 80 एमजीडी क्षमता का वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है। इसमें हिमाचल प्रदेश से कच्चा पानी लाकर क्षेत्र में स्वच्छ और निरंतर जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। पानी की समस्या कम करने के लिए 85 ट्यूबवेल क्षेत्र के लिए पहले ही स्वीकृत किए जा चुके हैं और इनके इंस्टालेशन कार्य चल रहा है। यूजीआर (अंडरग्राउंड रिजर्वायर) से जलापूर्ति जोड़ने का काम भी तेजी से हो रहा है। सीवर परियोजनाओं को लेकर पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा कि टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि छतरपुर से मेरे पिता सांसद रहे हैं। मैंने यह जमीन, यहां की तकलीफों और संघर्षों को करीब से जिया है। मेरे लिए यहां की सेवा राजनीति नहीं, बल्कि पारिवारिक जिम्मेदारी है। अजीत झा/ देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/28/जून/2025