28-Jun-2025


जबलपुर, (ईएमएस)। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले की 19 गाड़ियां उस समय बंद हो गईं जब रतलाम के डोसी गांव स्थित भारत पेट्रोलियम के शक्ति फ्यूल पेट्रोल पंप पर डीजल में पानी की मिलावट पाई गई। यह काफिला रीजनल इंडस्ट्रियल समिट के लिए इंदौर से आ रहा था। यह बात पूर्व प्रदेश प्रवक्ता और कांग्रेस ओबीसी विभाग के उपाध्यक्ष टीकाराम कोष्टा ने कही. उन्होंने इस घटना को गंभीर बताते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार के समय शुरू किया गया शुद्ध के लिए युद्ध अभियान बंद हो जाने के कारण मिलावटखोरों के हौसले बुलंद हैं। कोष्टा ने कहा कि डीजल भरवाने के तुरंत बाद सभी गाड़ियां बंद हो गईं और जांच में सामने आया कि डीजल में पानी की मिलावट थी, जिससे इंजन फेल हो गए। उन्होंने इसे खाद्य और ईंधन सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया। अलीम मंसूरी, राजेश पटेल, विजय अग्रवाल, मामूर गुड्डू, डॉक्टर मोइन अंसारी, अशोक चौधरी, लखन श्रीवास्तव और राजा खान ने सरकार से मांग की है कि प्रदेश के सभी पेट्रोल पंपों की नापतोल और मिलावट की जांच युद्ध स्तर पर की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। सुनील साहू / मोनिका / 28 जून 2025/ 06.18