:: सांवेर के लोगों को उपचार में कोई कमी नहीं हो : सिलावट इन्दौर (ईएमएस)। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट सांवेर में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने के उद्देश्य से आज सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री सिलावट सभी वार्डों में पहुंचे और मरीजों से मिले और उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेकर पारिवारिक सकुशलता के साथ हाल-चाल जाना। साथ ही अस्पताल में आकस्मिक आवश्यकताओं की कमी को पूरी करने की जानकारी ली। वहीं महिलाओं से मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा के साथ ही लाडली बहना योजना के बारे में भी संवाद किया। मंत्री सिलावट ने बी.एम.ओ. आदित्य चौरसिया, सी.बी.एम.ओ. सोमिल भदौरिया से अस्पताल परिसर की स्वच्छता,दवा आपूर्ति, चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति एवं अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की भी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सांवेर व आसपास के गांवों के लोगों को उपचार के लिए कहीं बाहर न जाना पड़े,डॉक्टरों की कोई कमी न होने के दिशा निर्देश प्रदान किये, ताकि स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का पूरी तरह लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में स्वच्छता बनाए रखें, क्योंकि अधिकतर गंदगी की वजह से ही बीमारियों का खतरा हमेशा बना रहता है, इसलिए स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। मंत्री तुलसीराम सिलावट ने अस्पताल में नन्हें बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके पोषण स्तर, भोजन व्यवस्था तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का अवलोकन कर वही पर बैठकर भोजन भी किया। उनके पालकों से संवाद कर कुपोषण के बारे में बताया। मंत्री सिलावट ने सिविल अस्पताल के स्टाफ की बैठक भी ली। बैठक में डॉक्टरो से संवाद कर अस्पताल में आधुनिक जांच मशीनों आदि की कमी के बारे में जानकारी ली और आश्वासन दिया कि जल्द ही उनके द्वारा आधुनिक जांच मशीनें अस्पताल में उपलब्ध कराई जाएगी। पैथोलॉजी से सारी जांच यहीं कराई जाये और किसी भी मरीज को अन्य हॉस्पिटल में रेफर न किया जाये। मंत्री सिलावट ने डॉक्टरों को कहा कि जन सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। क्षेत्र के लोगों को कहीं बाहर उपचार के लिए नहीं जाना पड़े, समय पर डॉक्टर को उपस्थित रहने के निर्देश दिये। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि और अस्पताल स्टाफ मौजूद था। उमेश/पीएम/28 जून 2025