30-Jun-2025
...


:: कृषि और इससे जुड़े विभागों की बैठक सम्पन्न :: इन्दौर (ईएमएस)। इन्दौर जिले में खरीफ मौसम के दौरान बोवनी का कार्य तेजी से जारी है। किसानों को समय पर खाद, बीज सहित अन्य कृषि साधन उपलब्ध कराने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कलेक्टर आशीष सिंह ने आज यहां कृषि और इससे जुड़े विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर कृषि कार्यों की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उप संचालक सी.एल. केवड़ा, कृषि तकनीकी प्रबंध संस्थान की परियोजना संचालक श्रीमती सर्ली थामस सहित उद्यान, मण्डी बोर्ड, पशुपालन आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में बताया गया कि इन्दौर जिले में 2 लाख 52 हजार हेक्टेयर में बोवनी का लक्ष्य था, जिसमें से 2 लाख 27 हजार हेक्टेयर में बोवनी हो चुकी है, जो कुल बोवनी का लगभग 90 प्रतिशत है। इसमें सर्वाधिक प्रतिशत सोयाबीन का है। सोयाबीन की बोवनी 2 लाख 14 हजार हेक्टेयर में होनी थी, जिसमें से 2 लाख 10 हजार हेक्टेयर में हो चुकी है। बैठक में कलेक्टर सिंह ने लक्ष्मीबाई नगर कृषि मण्डी को आदर्श मण्डी बनाने के लिये प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये। कलेक्टर सिंह ने कहा कि किसानों को उन्नत किस्म के बीज मिले और मानक स्तर का खाद मिले, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। जिले में अमानक खाद की बिक्री नहीं हो इसका ध्यान रखा जाये। पशुपालकों को उन्नत किस्म के पशु उपलब्ध कराये जाये, ताकि दूध उत्पादन में बढ़ोत्तरी हो सके। साथ ही मछली उत्पादन को बढ़ावा देने के लिये मत्स्य पालकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाये। बैठक में अधिकारियों ने अपने विचार रखे। उमेश/पीएम/30 जून 2025