राजीव कांग्रेस भवन में मतदाता सूची के जिला प्रभारी ने दी महत्वपूर्ण जानकारियां छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। कांग्रेस बूथ को मजबूत करने में सतत रूप से जुटी हुई है। इसी कढ़ी में बीएलए की नियुक्ति को लेकर जारी प्रक्रिया के तहत शनिवार को राजीव कांग्रेस भवन में बीएलए की नियुक्ति को लेकर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। आयोजित प्रशिक्षण में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों व मतदाता सूची के जिला प्रभारी के द्वारा आवश्यक जानकारियां प्रदान की गई। शहर कांग्रेस कमेटी के अन्तर्गत आने वाले पूर्व उप ब्लॉक, पश्चिम उप ब्लॉक, दक्षिण उप ब्लॉक, उत्तर उप ब्लॉक एवं मध्य उप ब्लॉक के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के जिला मतदाता सूची प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बीएलए के फार्म भरने के तौर तरीकों से अवगत कराया साथ ही एक अन्य फार्म जिसमें नाम जोडेे एवं काटे जाने हैं, उसमें भरी जाने वाली जानकारियों के सम्बंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बीएलए के कर्तव्य बताते हुए कहा कि सम्पूर्ण चुनावी प्रक्रिया में बीएलए के कांधों पर अहम जिम्मेदारी होती है। इसीलिये बीएलए की तैनाती अहम है। आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी ने बडे ही स्पष्ट व सारगर्भित उदबोधन में कहा कि बीएलए की नियुक्ति से लेकर अन्य सम्पूर्ण जानकारियां बहुत महत्वपूर्ण है। चुनाव आयोग द्वारा भेजे गए प्रारूप में सम्पूर्ण जानकारी सावधानी पूर्वक भरी जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि बीएलए की नियुक्ति के साथ ही बूथ स्तर पर भी कांग्रेस सक्रियता के साथ आमजन के बीच पहुंचे और उनकी मूल समस्याओं को पूरी ताकत से उठाएं। ईएमएस / 05 जुलाई 2025