पूर्व विधायक अरुण वोरा ने उनके घर पहुंचकर जताई संवेदना दुर्ग (ईएमएस)। नगर के कैलाश नगर निवासी और भारतीय वायुसेना के जवान प्रिंस राज यादव की नैनीताल में दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, प्रिंस छुट्टी के दौरान नैनीताल गए थे, जहां कलसा नदी के किनारे फिसलने से वह नदी में बह गए। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन द्वारा तलाश शुरू की गई, लेकिन उन्हें मृत अवस्था में निकाला गया। बताया जा रहा है कि प्रिंस राज यादव ने लगभग दो वर्ष पूर्व ही भारतीय वायुसेना में भर्ती होकर पठानकोट (पंजाब) में अपनी सेवा शुरू की थी। उनकी मौत की खबर मिलते ही दुर्ग शहर में शोक की लहर दौड़ गई अरुण वोरा ने किया शोक-संवेदना व्यक्त:- घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अरुण वोरा शनिवार सुबह प्रिंस यादव के निवास पहुँचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवारजनों से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान वोरा ने कहा कि यह बेहद पीड़ादायक घटना है। दुर्ग का एक होनहार माटीपुत्र देश सेवा करते हुए असमय हमें छोड़ गया। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। कैलाश नगर क्षेत्र में शोक का माहौल:- स्थानीय लोग, परिचित और समाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शहीद के निवास पर पहुंच रहे हैं।दुर्ग शहर को अपने इस वीर सपूत पर गर्व है, जिसने कम उम्र में ही वायुसेना में शामिल होकर देश सेवा का मार्ग चुना। ईएमएस/शमशीर सीवानी/ 05 जुलाई 2025