राज्य
07-Jul-2025
...


इंदौर (ईएमएस)। जिला स्तर पर खिलाड़ियों को बढ़ावा देने का कर्णिक स्मृति समिति का कार्य अत्यंत सराहनीय है। 37 सालों से निरंतर चला आ रहा यह पुरस्कार अनुकरणीय है। ये विचार भाजपा विधायक गोलू शुक्ला और अभ्यास मंडल की सचिव माला सिंह ठाकुर ने 37वें कर्णिक पुरस्कार समारोह में मुख्य अतिथियों के तौर पर व्यक्त किए। नारायण बाग बाल विकास केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम में, पिछले तीन सालों (2022-23, 2023-24 और 2024-25) के इंदौर जिला बैडमिंटन एकल विजेताओं को सम्मान राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई। इस दौरान इंदौर जिला बैडमिंटन संगठन के अध्यक्ष व सरताज अकादमी के संरक्षक अनिल भंडारी और दीपेंद्र सिंह सोलंकी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे। :: पुरस्कृत खिलाड़ी :: वर्ष 2024-25 : गिरिजा जाधव, आराध्य सागर, तनवी दुबे, आरवराज सिंह बग्गा, मिश्का गुप्ता, आस्था शर्मा, नैवेद्य तोंड़े, स्वाति सोलंकी और नितिन लश्करी। वर्ष 2023-24 : ऐशानी गोयल, शोभित गुप्ता, चैताली परमार, स्वाति सोलंकी, वत्सल सोमण और प्रकाश डोडेजा। वर्ष 2022-23 : आस्था शर्मा, अनुष्का शाहपुरकर, आर्यमन गोयल, मानस अरोरा और स्वाति सोलंकी। कर्णिक स्मृति समिति के सचिव धर्मेश यशलहा ने कार्यक्रम का संचालन किया। सरताज अकादमी के युवा खिलाड़ियों लक्ष देवासी, अदवित शाह, अथर्व चौधरी, नायशा पुरोहित और मन बडजत्या ने अतिथियों का स्वागत किया। विधायक गोलू शुक्ला ने बैडमिंटन के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया और हाल ही में आयोजित विधायक ट्रॉफी जिला रैंकिंग बैडमिंटन स्पर्धा का जिक्र किया, जिसमें ₹50 हजार की इनामी राशि दी गई थी। माला सिंह ठाकुर ने खिलाड़ियों को अनुशासन और संस्कार के साथ प्रशिक्षण देने व सम्मानित करने की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रकाश पादुकोण की तरह देश का नाम रोशन करने को कहा। समिति के सचिव धर्मेश यशलहा ने बताया कि यह पुरस्कार राष्ट्रपति पुलिस पदक प्राप्त सीआईडी पुलिस अधिकारी वी.पी. कर्णिक की स्मृति में 1987 से दिया जा रहा है, जो जिला विजेताओं को प्रदान किया जाने वाला देश का एकमात्र पुरस्कार है। इस बार कर्णिक पुरस्कार समारोह विश्व बैडमिंटन दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक गोलू शुक्ला, माला सिंह ठाकुर और दीपेंद्र सिंह सोलंकी ने सरताज अकादमी में बैडमिंटन भी खेला। प्रकाश/7 जुलाई 2025