राष्ट्रीय
08-Jul-2025


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने ड्रग्स, दुर्लभ प्रजाति के जानवरों और सोने की तस्करी के तीन अलग-अलग मामलों का भंडाफोड़ किया है। तीनों मामलों में कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पहले मामले में बैंकॉक से मुंबई पहुंचे मोहम्मद रोशन शेखर नामक यात्री के पास से 9 किलो 66 ग्राम गांजा बरामद हुआ। दूसरे मामले में बैंकॉक से आए एक अन्य यात्री पर संदेह होने पर अधिकारियों ने जब उसके सामान की जांच की तो उसके बैग में कुछ दुर्लभ प्रजाति के जानवर मिले। इनमें से तीन जानवर मृत थे। इसके बाद इन जानवरों को जब्त कर उनके मूल निवास स्थान पर छोड़ दिया गया। तीसरे मामले में अधिकारियों ने सोने की तस्करी का भंडाफोड़ किया। दुबई से आए दो यात्रियों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर अधिकारियों ने जब उनसे पूछताछ की तो उनके पास से डेढ़ करोड़ रुपये का सोना मिला। उन्होंने यह सोना अपने बैग की एक जेब में रखा था। संजय/संतोष झा- ०८ जुलाई/२०२५/ईएमएस