राष्ट्रीय
08-Jul-2025


-मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे लोगों से सतर्क रहने की अपील की सिंहभूम,(ईएमएस)। झारखंड में लगातार बारिश से लोगों को गर्मी से राहत तो मिल गई, लेकिन बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य में बारिश से कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। वहीं, नदियां उफान पर है जिससे बाढ़ का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने 12 जिलों में अचानक बाढ़ की आशंका जताई है। इसके चलते मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे राज्य के लिए भारी बताए हैं। मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। साथ ही 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात भी हो सकता है। पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे ज्यादा बारिश सरायकेला में 73 मिमी रिकॉर्ड की गई। राज्य के अन्य हिस्सों जैसे बन्दगांव में 60.8 पालकोट में 56.8, फतेहपुर में 55, खरसावां में 52.6, बहरागोड़ा में 44.6, धालभूमगढ़ में 42.4, घोड़ा बांदा में 39.4, चाईबासा में 39, रनिया में 34.6, चैनपुर में 33 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, रांची और आसपास के इलाकों में बीते रविवार से बारिश लगातार जारी है। बीते रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 27.7, जमशेदपुर में 31.5, डालटेनगंज में 32.8, बोकारो में 31.1 ओर चाईबासा में तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। सिराज/ईएमएस 08जुलाई25