काठमांडू (ईएमएस)। नेपाल और चीन सीमा पर भारी बारिश के कारण भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से मैत्री पुल बह गया है। घटना में 18 लोग लापता हो गए हैं, जिसमें 12 नेपाली और 6 चीनी नागरिक शामिल हैं। मानसून की शुरुआत के बाद नेपाल के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है, जिससे नदियाँ उफान पर हैं। इसी कड़ी में, नेपाल और चीन को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मैत्री सेतु भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ की भेंट चढ़ गया। यह पुल नेपाल के रसुवा जिले को चीन से जोड़ता था। अधिकारियों के अनुसार, पुल बीती रात करीब 3:15 बजे पानी के तेज बहाव में बह गया। राजधानी काठमांडू से करीब 120 किलोमीटर दूर स्थित पुल के बहने के साथ ही 18 लोग भी लापता हो गए हैं। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, नेपाली सेना और पुलिस मिलकर इन लापता लोगों की तलाश कर रही है। रसुवा के मुख्य जिला अधिकारी अरुण पौडेल ने बताया कि नदी में आई बाढ़ से नेपाल को काफी नुकसान हुआ है। प्रशासन ने आसपास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए हैं। भोटेकोशी नदी चीन के रास्ते नेपाल में प्रवेश करती है। चीन के हिमालयी क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण भोटेकोशी नदी का जलस्तर अचानक खतरे के निशान से ऊपर चला गया, जिसके कारण यह पुल बह गया। आशीष दुबे / 08 जुलाई 2025