08-Jul-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का अपमान करने का आरोप लगाया है। भाजपा ने खड़गे के बयान को आपत्तिजनक बताकर दलित और आदिवासी समुदाय का अपमान करार दिया है। दूसरी ओर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भाजपा की घटिया मानसिकता बताया है। कांग्रेस नेता खेड़ा ने कहा कि भाजपा का दोहरा चरित्र है। वे आदिवासी के तौर पर राष्ट्रपति मुर्मू को एक प्रतीक के रूप में पेश करते हैं, जबकि जमीन पर वे आदिवासी समुदायों का शोषण करने में लगे हुए हैं। छत्तीसगढ़ में आदिवासियों पर अत्याचार कर रहे हैं। हजारों पेड़ों को काटा जा रहा है उनकी जमीन, जंगल और पानी छीना जा रहा है। यह लगातार अल्पसंख्यक, दलित और कमजोर वर्गों को परेशान कर रहे हैं। यह भाजपा की असली मानसिकता है। बिहार में मतदाता सत्यापन पर कांग्रेस नेता खेड़ा ने कहा कि हम इस बात को बार-बार कह रहे हैं और हमें बेहद खुशी है कि सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को मामले की सुनवाई स्वीकार की है। हमें उम्मीद है कि उन करोड़ों लोगों को न्याय मिलेगा, जिनके वोटों को चुनावी चोरी की साजिश का निशाना बनाया जा रहा है। बिहार की कानून व्यवस्था पर खेड़ा ने कहा कि बिहार में गुंडाराज चल रहा है। इसके पीछे भाजपा का हाथ है। सरकार की कमान भाजपा के पास है। मणिपुर संकट सुलझाने में संघ की भूमिका पर खेड़ा ने पलटवार कर कहा कि संघ अगर आदिवासी इलाकों से दूर हो जाए, तब इनकी आधी से ज्यादा समस्या खत्म हो जाएगी। आशीष दुबे / 08 जुलाई 2025