राष्ट्रीय
12-Jul-2025


एक सप्ताह पहले शिकार के प्रयास के दौरान घायल हुई भोपाल,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में एक आठ वर्षीय नामीबियाई मादा चीता की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वह एक सप्ताह पहले अपने सॉफ्ट रिलीज़ बोमा के अंदर शिकार के प्रयास के दौरान घायल हुई थी। शनिवार को उसकी चोटों के कारण मौत हो गई और उसकी मौत के साथ ही उद्यान में चीतों की कुल संख्या घटकर 26 रह गई। मृतक चीता की पहचान नाभा के रूप में हुई है, जिसके शरीर के बाई ओर फ्रैक्चर के अलावा अन्य चोटें भी आई हैं। चीता परियोजना के क्षेत्र निदेशक उत्तम शर्मा ने बताया कि ‘‘नाभा एक सप्ताह पहले, संभवतः अपने बाड़े के अंदर शिकार के प्रयास के दौरान बुरी तरह घायल हुई थी। नाभा को ‘फ्रैक्चर’ के साथ-साथ अन्य चोटें भी थीं।’’ उन्होंने बताया कि उसका एक सप्ताह तक इलाज चला, लेकिन चोटों के कारण उसकी मृत्यु हो गई। अधिकारी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद विस्तृत जानकारी सामने आएगी। नाभा की मृत्यु के बाद, केएनपी में अब 26 चीते बचे हैं, जिसमें नौ वयस्क (छह मादा और तीन नर) तथा केएनपी में जन्मे 17 शावक शामिल हैं। शर्मा ने बताया कि सभी चीते स्वस्थ और ठीक हैं। उन्होंने कहा कि केएनपी से गांधीसागर स्थानांतरित किए गए दो नर चीते भी ठीक हैं। उन्होंने कहा कि केएनपी में 26 चीतों में से 16 जंगल में हैं और बहुत अच्छी हालत में हैं। आशीष दुबे / 12 जुलाई 2025