पटना,(ईएमएस)। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के लिए सीधे तौर पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को जिम्मेदार माना है। उन्होंने आरोप लगाया है कि बालू और शराब माफिया, जो लालू की पार्टी से जुड़े हुए हैं, राज्य में हत्या और लूट जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। डिप्टी सीएम सिन्हा ने इन घटनाओं को आगामी चुनावों से पहले राज्य में अराजकता फैलाने की साजिश बताया है। सिन्हा ने स्वीकार किया कि पुलिस-प्रशासन की कुछ कमजोर कड़ियों का फायदा उठाकर माफिया तत्व सक्रिय हो रहे हैं, लेकिन उन्होंने फिर कहा कि नीतीश के नेतृत्व वाली सरकार कानून का राज स्थापित रखने के लिए प्रतिबद्ध है और अपराध कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने राजद पर जंगलराज वापस लाने का आरोप लगाकर कहा कि वे ही अपराधियों को उकसा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार का गौरव बताकर कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य विकास और कानून-व्यवस्था दोनों में आगे बढ़ रहा है। राहुल गांधी पर विजय सिन्हा का विवादित बयान उपमुख्यमंत्री सिन्हा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी को को ब्रेन लेस बताकर कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल नहीं उठा सकता। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देकर कहा कि राहुल गांधी को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए और उन्हें संवैधानिक पद छोड़ देना चाहिए, क्योंकि वे समाज को भ्रमित करने और संविधान का अपमान करने का काम कर रहे हैं। आशीष दुबे / 12 जुलाई 2025