16-Jul-2025
...


सिडनी (ईएमएस)। अगर गर्भवती महिलाएं कुछ सावधानियां बरतें तो गर्म मौसम में भी एक्सरसाइज कर सकती हैं, स्पा या सॉना बाथ ले सकती हैं और इससे बच्चे को कोई खतरा नहीं होता। ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी ऑफ सिडनी की हालिया रिसर्च में यह दावा किया गया है। इस रिसर्च का नेतृत्व प्रोफेसर ओली जे ने किया। उनका कहना है कि अक्सर महिलाएं गर्मी के डर से एक्सरसाइज छोड़ देती हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि यह बच्चे के लिए नुकसानदायक हो सकता है। लेकिन इस अध्ययन में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला जिससे यह साबित हो कि गर्मी में की गई एक्सरसाइज या सॉना बाथ लेने से भ्रूण को नुकसान होता है। रिसर्च के दौरान 347 गर्भवती महिलाओं पर 12 अलग-अलग अध्ययन किए गए। इसमें यह देखा गया कि जब महिलाएं गर्मी में एक्सरसाइज करती हैं या सॉना बाथ लेती हैं तो उनके शरीर की प्रतिक्रिया कैसी होती है। शोधकर्ताओं ने पाया कि गर्भवती महिलाएं 25 डिग्री सेल्सियस तापमान और 45 प्रतिशत नमी में 80 से 90 प्रतिशत अधिकतम हृदय गति की तीव्रता पर करीब 35 मिनट तक सुरक्षित रूप से एक्सरसाइज कर सकती हैं। इससे बच्चे पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ता। इसी तरह, 33.4 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान वाले पानी में वे तैराकी या एक्वा एरोबिक्स जैसी गतिविधियां 45 मिनट तक कर सकती हैं। यह भी पूरी तरह सुरक्षित माना गया है। इसके अलावा, अध्ययन में यह भी सामने आया कि गर्भवती महिलाएं 40 डिग्री सेल्सियस के गर्म पानी के टब में या 70 डिग्री सेल्सियस तापमान के सॉना बाथ में, जहां नमी केवल 15 प्रतिशत होती है, 20 मिनट तक बैठ सकती हैं। रिसर्च के दौरान किसी भी महिला का शरीर का तापमान उस खतरनाक सीमा तक नहीं पहुंचा, जिससे भ्रूण को नुकसान हो सकता था। ज्यादातर मामलों में तापमान इससे काफी कम ही रहा। हालांकि वैज्ञानिकों ने यह भी कहा है कि हर महिला की सेहत और परिस्थितियां अलग होती हैं। इसलिए कोई भी नई गतिविधि शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। यह रिसर्च उन महिलाओं के लिए राहत की खबर है जो गर्भावस्था के दौरान भी सक्रिय रहना चाहती हैं और बिना डर के हल्की-फुल्की एक्सरसाइज या सॉना बाथ का आनंद लेना चाहती हैं। मालूम हो कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को अक्सर तरह-तरह की सलाहें दी जाती हैं, जैसे ज्यादा मत चलो, ठंडी जगह रहो या गर्म पानी से परहेज करो। बहुत से लोग कहते हैं कि सॉना बाथ और एक्सरसाइज से बच्चे को नुकसान हो सकता है। सुदामा/ईएमएस 16 जुलाई 2025