राज्य
18-Jul-2025


छिंदवाड़ा/परासिया जबलपुर (ईएमएस)। पश्चिम वन मंडल परासिया परिक्षेत्र में तेंदूए का मूवमेंट देखा जा रहा है। एक दिन पहले तेंदूए ने उरधन ग्राम में महिला को अपना शिकार बनाया था। अभी इस घटना को २४ घंटे भी नहीं बीते थे कि तेंदूए ने फिर झुर्रेमाल से कक्ष क्रमांक ७०५ शंकरपुर वन ग्राम में किसान मोहन पिता पूरन कवरेती की गाय का शिकार कर लिया। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंच गया। तेंदूए के लगातार मूवमेंट से क्षेत्र में दहशत फैली हुई है। वन परिक्षेत्र अधिकारी अलका भूरिया ने बताया कि मुआवजे के लिए गाय का प्रकरण तैयार किया जा रहा है। तेंदूए के मूवमेंट को देखते हुए मुनादी कराई गई और ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने की सलाह दी जा रही है। वहीं वन विभाग की टीम जंगल में लगातार गश्त कर रही है। साथ ही तेंदुए की लोकेशन के लिए आधे दर्जन कैमरे भी लगाए गए हैं। जरूरत पडऩे पर पिंजरा भी लगाया जाएगा। गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर तेंदुए के द्वारा तीन बार शिकार किया गया है। जिसमें सबसे पहले 13 जुलाई की रात में जमुनिया पठार में एक कोठे में बंधी बकरी को तेंदुए ने खा लिया था। इसके बाद गत 16 जुलाई की शाम उरधन की महिला चंपी बाई पर खेत में तेंदुए ने हमला कर मार डाला था और अब शुक्रवार सुबह शंकरपुर में गाय का शिकार किया। ईएमएस /18/07/2025