मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंग्लैंड दौरे में भारतीय खिलाड़ियों के चोटिल होने के सिलसिले को देखते हुए तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को कवर के तौर पर शामिल किया है। भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले उपकप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोटिल हैं जबकि आकाशदीप की कमर में दर्द है। वहीं अर्शदीप सिंह की अंगुली में चोट लगी है। चोटिल खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या से परेशान होकर ही बीसीसीआई चयनसमिति ने भारतीय दल में कंबोज को शामिल करने का फैसला किया। कंबोज को अर्शदीप के चोटिल होने के बाद कवर के तौर पर शामिल किया गया है। बीसीसीआई के अनुसार , अर्शदीप के हाथ में टांके लगे हैं। ऐेसे में उन्हें पूरी तरह से फिट होने में कम से कम दस दिन लगेंगे। इसी को देखते हुए ही चयनकर्ताओं ने कंबोज को टीम से जोड़ा है। कंबोज पिछले महीने भारत ए टीम में शामिल थे, ऐसे में उन्होंने वहां दो तीन दिवसीय मैच खेले थे जिस कारण उन्हें हालातों का अंदाजा है। उन्होंने भारत ए की ओर से अच्छी गेंदबाजी करते हुए अपने दोनों मैचों में पांच विकेट लिए थे। इस तेज गेंदबाज ने अपनी गति और कसी हुई लाइन से सभी को प्रभावित किया था। कंबोज ने फर्स्ट क्लास करियर में अब तक हरियाणा के लिए अभी तक 24 मैचों में 79 विकेट लिए हैं। ऐसे में अगर आकाशदीप मैच से पहले पूरी तरह फिट हो पाते हैं या नहीं। तो प्रसिद्ध कृष्णा या फिर कंबोज में से किसी को अवसर मिल सकता है। गिरजा/ईएमएस 20 जुलाई 2025