कोरबा (ईएमएस) छत्तीसगढ़ प्रदेश सहित कोरबा जिले में मानसून कमजोर होने पर सिंचाई के लिए किसानो द्वारा पानी की मांग शुरू हो गई है। इसे मद्देनजर रखते हुए सोमवार को बांयीं व दायीं तट नहर से पानी छोड़ा गया। सिंचाई के लिए सितंबर तक पानी दिया जाता है। किसानों को अभी रोपा लगाने पानी की जरूरत है। हसदेव बांगो बांध का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। जानकारी के अनुसार सोमवार को जलस्तर 351.09 मीटर पर पहुंच गया। पिछले साल इसी अवधि में बांध का जलस्तर 348.23 मीटर होना बताया जा रहा हैं। इस हिसाब से फिलहाल बांध की स्थिति बेहतर है। पानी का भराव 1586.93 मिलियन घन मीटर है, जो कुल भराव का 54.83 प्रतिशत है। किसान इस महीने के शुरुआत में ही पानी की मांग कर रहे थे। उस समय बागों में पानी का भराव 30 प्रतिशत के करीब था। इस वजह से अब पानी दिया जा रहा है। पिछले साल 5 जुलाई को पानी छोड़ दिया था। बांगो बांध से 2 लाख 45 हजार हेक्टेयर में सिंचाई होती है। जांजगीर-चांपा, सक्ती और रायगढ़ जिले में भी इसी से सिंचाई की जाती है। सावन लगने के बाद बारिश कम हो गई है। रोपा लगाने किसान पानी की मांग कर रहे हैं। हसदेव दर्री बराज रामपुर संभाग के कार्यपालन अभियंता एस.एन. साय ने बताया कि धीरे-धीरे पानी की मात्रा बढ़ाई जाएगी। 22 जुलाई / मित्तल