कोरबा (ईएमएस) नमामि हसदेव सेवा समिति ने कोरबा प्रेस क्लब में एक पत्रकारवार्ता का आयोजन किया। पत्रकारवार्ता में नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा बताया गया की कोरबा जिले की जीवनदायिनी हसदेव नदी, हसदेव नदी की सहायक नदियों और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों के प्रदूषण को कम करने, संरक्षण करने तथा तट के सौन्दर्गीकरण करने का कार्य उनके द्वारा किया जा रहा है। उक्त उद्देश्य की पूर्ति के लिये नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा प्रत्येक मास की पूर्णिमा को सायं 5 बजे माँ सर्वमंगला घाट कोरबा पर हसदेव आरती की जाती है। कोरबा जिले की जीवनदायिनी हसदेव नदी के प्रदूषण को कम करने, संरक्षण करने और तट के सौंदर्याकरण के लिये दर्शन बांध से कुदुरमाल पुल तक हसदेव नदी के दोनों किनारों पर रिवर फ्रंट का निर्माण करना आज समय की सबसे आवश्यक मांग है। उन्होंने आगे कहा की हसदेव नदी का यह क्षेत्र आध्यात्मिक, धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यटन और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, परंतु वर्तमान में यह क्षेत्र असुरक्षित, अव्यवस्थित, और प्रदूषणग्रस्त हो गया है। शासन-प्रशासन की सक्रिय भागीदारी से इसे विश्वस्तरीय रिवर फ्रंट में बदला जा सकता है। हसदेव नदी का यह रिवर फ्रंट, न केवल कोरबा की भौगोलिक और धार्मिक गरिमा को बढ़ाएगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्थायी, पर्यावरणीय और सांस्कृतिक धरोहर भी स्थापित करेगा। नमामि हसदेव सेवा समिति इस पवित्र कार्य के लिए जन-जागरण, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण तथा जन संवाद आदि में शासन-प्रशासन के हर प्रयास में सहयोगी बनने के लिए तैयार है। नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा कोरबा जिले की जीवनदायिनी हसदेव नदी के दोनों किनारों पर दर्री बांध से कुदुरमाल बाँध तक रिवर फ्रंट निर्माण करवाने हेतु शासन प्रशासन को पत्र दिया जाएगा तथा जनजागरण के लिए दो चरणों में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा एवं संकल्प सभा का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान प्रथम चरण का श्रावण पूर्णिमा 9 अगस्त से आश्विन पूर्णिमा दिनों 7 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। हस्ताक्षर अभियान के प्रथम चरण में जनप्रतिनिधियों एवं आध्यात्मिक संगठनों, धार्मिक संगठनों, सामाजिक संगठनों, व्यावसायी संगठनो, कर्मचारी संगठनों आदि के प्रमुख कार्यकर्ताओं तथा अन्य गणमान्य नागरिकों से पवित्र कार्य के समर्थन में हस्ताक्षर कराया जाएगा। इसी कड़ी में संकल्प सभा आश्विन पूर्णिमा 7 अक्टूबर को कोरबा जिले की जीवनदायिनी हसदेव नदी, हसदेव नदी, की सहायक नदियों और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों के प्रदूषण को कम करने, संरक्षण करने तथा तट के सौन्दर्गीकरण करने एवं हसदेव नदी के दोनों किनारों पर दर्री बांध से कुदुरमाल पुल तक रिवर फ्रंट निर्माण करवाने हेतु तन, मन और धन से सहभागी होने का संकल्प लेंगे। द्वितीय चरण अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान कार्तिक पूर्णिमा 5 नवंबर से मार्गशीर्ष पूर्णिमा 4 दिसंबर 2025 तक चलाया जाएगा। हस्ताक्षर अभियान के द्वितीय चरण में कोरबा जिले के नागरिको से पवित्र कार्य के समर्थन में हस्ताक्षर कराया जाएगा। # नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा आयोजित आगामी कार्यक्रम 1. श्रावण पूर्णिमा 9 अगस्त को हसदेव आरती, सायं 5 बजे माँ सर्वमंगला घाट कोरबा में 2. भाद्रपद पूर्णिमा 7 सितंबर को हसदेव आरती, सायं 5 बजे माँ सर्वमंगला घाट कोरबा में 3. आश्विन पूर्णिमा 7 अक्टूबर को संकल्प सभा दोपहर 2 बजे एवं हसदेव आरती, सायं 5 बजे माँ सर्वमंगला घाट कोरबा में 4. देवउठनी एकादशी 1 नवम्बर को कलश यात्रा 5. देवउठनी एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा देव दीपावली 1 नवम्बर से 5 नवम्बर 2025 तक श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, माँ सर्वमंगला घाट कोरबा में 6. कार्तिक पूर्णिमा देव दीपावली 5 नवम्बर को हसदेव महाआरती, सायं 5 बजे माँ सर्वमंगला घाट कोरबा में नमामि हसदेव सेवा समिति ने कोरबा जिले के समस्त नागरिकों से आग्रह किया हैं कि आप हस्ताक्षर अभियान, संकल्प सभा, हसदेव आरती, कलश यात्रा, श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ एवं हसदेव महाआरती में सहभागी बनकर पुण्यलाभ अर्जित करे। 24 जुलाई / मित्तल