व्यापार
24-Jul-2025
...


मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को गिरावट पर बंद हुआ। बाजार में ये गिरापट दुनिया भर के बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही बिकवाली रहने से आई है। आज कारोबार के दौरान आईटी कंपनी टेक महिन्द्र के शेयरों में गिरावट से भी बाजार पर दबाव आया। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 542 अंकों की गिरावट के साथ ही 82,184.17 अंकों पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 158.80 अंक की गिरावट के साथ ही 25,062.10 पर बंद हुआ। आज के कारोबार के दौरान निफ्टी पर इटरनल (जोमेटो) , डॉ रेड्डीज़ लैब्स, टाटा मोटर्स, टाटा कंज्यूमर, सिप्ला के शेयर सबसे अधिक लाभ के साथ ही हरे निशान पर बंद हुए। वहीं ट्रेंट, नेस्ले, श्रीराम फाइनेंस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर नुकसान के साथ ही लाल निशान पर बंद हुए। आज पीएसयू बैंक और फार्मा के अलावा अन्या सभी सूचकांक गिरे हैं। वहीं बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक 0.4 फीसदी टूटा। बाजार में गिरावट का एक अन्य कारण कंपनी के पहली तिमाही के कमजोर परिणाम भी रहे। वहीं अमेरिका-भारत व्यापार समझौते को लेकर अनिश्चितता जारी रहने से भी बाजार पर दबाव आया है। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने जुलाई में अब तक 26,395 करोड़ रुपये मूल्य के भारतीय शेयर बेचे हैं। उससे भी बाजार कमजोर हुआ। वहीं इससे पहले आज सुबह बाजार की सपाट शुरुआत हुई। सेंसेक्स गुरुवार को मामूली बढ़त के साथ 82,779 पर खुला। हालांकि, खुलते ही यह लाल निशान में फिसल गया। इसी तरह निफ्टी-50 भी 25,243 अंक के सपाट लेवल पर खुला। वहीं एशिया-पैसिफिक मार्केट्स में तेजी देखी जा रही है। अमेरिका और जापान के बीच ट्रेड डील को लेकर बनी सहमति और यूरोपियन यूनियन के साथ बातचीत में सकारात्मक संकेतों से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई है। जापान का टॉपिक्स इंडेक्स 1.2 फीसदी की बढ़त के साथ रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया, जबकि निक्केई 1.09 फीसदी ऊपर रहा। कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.6 फीसदी चढ़ा है और ऑस्ट्रेलिया का एएसएक्स 200 फ्लैट ट्रेड कर रहा है। वहीं अमेरिकी बाजारों में भी जबरदस्त तेजी रही। एसएंडपी 500 लगातार तीसरे दिन रिकॉर्ड उच्च स्तर पर बंद हुआ और 6,358.91 के स्तर पर पहुंच गया। डाओ जोंस 507.85 पॉइंट की छलांग लगाकर 45,010.29 पर बंद हुआ। नेस्डेक ने भी पहली बार 21,000 का स्तर पार किया और 21,020.02 पर बंद हुआ। गिरजा/ईएमएस 24जुलाई 2025