राष्ट्रीय
25-Jul-2025


नई दिल्ली(ईएमएस)। आगरा के अवैध धर्मांतरण केस के तार पाकिस्तान से जुड़ने लगे हैं। लड़कियों का ब्रेन वॉश कर उन्‍हें मुसलमान बनाने वाले व्‍हॉट्सएप ग्रुप का चीफ पाकिस्तानी निकला है। उधर, इस मामले में चार-पांच लड़कियों से पुलिस ने पूछताछ की है और पुलिस ने उनके परिवार को बुलाया है। साथ ही इस मामले में एक और पीड़ित का बयान कोर्ट में दर्ज कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, इन लड़कियों ने भी धर्म परिवर्तन किया था। यह लड़कियां अब्दुल रहमान के व्‍हॉट्सएप ग्रुप से जुड़ी थीं और इस ग्रुप में पाकिस्तान के लोग भी थे जो इन्हें नमाज पढ़ना सिखाते थे। आगरा पुलिस के सूत्रों से पता चला है कि मुसलमान बनाने वाले व्‍हॉट्सएप ग्रुप के पाकिस्‍तानी चीफ का नाम तनवीर है। हालांकि यह उसका असली नाम है या नहीं फिलहाल यह नहीं कहा जा सकता है। कनाडा और अमेरिका से लेकर खाड़ी के देशों से फंडिंग की बात पहले सामने आ चुकी है। आगरा पुलिस अब तक गिरफ्तार 14 आरोपियों से पूछताछ कर रही है। दिल्ली से गिरफ्तार अब्दुल रहमान और गोवा से पकड़ी गई आयशा ने पाकिस्तान के तनवीर के बारे में विस्तार से बताया है। तनवीर के भेजे कई वीडियो तीन लड़कियों के मोबाइल से मिले हैं। इन तीनों हिंदू लड़कियों को मुसलमान बनाने की तैयारी थी। पुलिस ने बताया कि पहले इन लड़कियों को दिल्ली में अब्दुल रहमान के पास ले जाना था। फिर वहां से कोलकाता, लेकिन इसी बीच आगरा पुलिस ने नेटवर्क का खुलासा कर कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इन तीनों लड़कियों से आगरा पुलिस की पूछताछ जारी है। सुबोध\२५\०७\२०२५