विधानसभा में कांग्रेस विधायकों ने किया अनूठा प्रदर्शन भोपाल (ईएमएस)। मप्र विधानसभा मानसून सत्र के दूसरे दिन विधानसभा के बाहर कांग्रेस विधायकों ने भैंस के आगे बीन बजाई। कांग्रेस के दो विधायकों को सांकेतिक रूप से भैंस बनाया गया था। किसानों के मुद्दे पर यह प्रदर्शन किया गया। विपक्ष ने कहा कि किसानों को खाद नहीं मिल रहा है। सरकार में अन्नदाताओं की सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं सदन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि आज नागपंचमी पर भैंस लेकर आए है। कभी गिरगिट लेकर आते है। आप चुने हुए प्रतिनिधि है। मर्यादा बनाकर रखना चाहिए। भैंस के गेटअप में पहुंचे पोहरी से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह ने कहा- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और मंत्री भैंस की तरह बेशर्म है। सरकार भैंस की तरह सिर्फ खा रही है। सभी योजनाओं को डकार रही है। जनता परेशान है, किसान की फसल चौपट हो गई, गरीबों के मकान गिर गए...इस पर सरकार कुछ नहीं बोलती है। कांग्रेस विधायक से काला गाउन उतरवाया कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाहा विधानसभा के अंदर जाने लगे तो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें ब्लैक गाउन उतार कर जाने का अनुरोध किया। कुशवाहा भैंस का रूप धरकर आए थे। उन्होंने गाउन उतारा, फिर अंदर गए। रामेश्वर शर्मा बोले- आस्तीनों के सांप ढूंढ रही कांग्रेस हुजूर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा- हमारी सरकार अपराधियों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ती है। इन अपराधियों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई सरकार करेगी कि उनकी तीन पीढिय़ां नहीं भूलेंगी। उन्होंने कहा- कांग्रेस के इंटरनेशनल सपेरे कुछ दिन पहले राजधानी में आए थे। उन्होंने कहा था कि आस्तीन के सांप ढूंढना है। इन्हीं को ढूंढने के लिए बीन बजाई जा रही है। कमलनाथ सरकार में बजानी थी बीन कांग्रेस के प्रदर्शन पर कालापीपल से भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने कहा- कांग्रेस विधायकों को कमलनाथ सरकार के समय बीन बजानी थी। उस समय न तो मंत्रियों की सुनवाई होती थी और न ही विधायकों की। इसी वजह से कांग्रेस विधायक, भारतीय जनता पार्टी के साथ आ गए थे। यदि कांग्रेस के मित्र कमलनाथ सरकार में बीन बजाते तो शायद कुछ फायदा होता। विनोद/ 29 जुलाई /2025