राष्ट्रीय
09-Aug-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। देश को तीन नई वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार 10 अगस्त को इन नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें बेंगलुरु-बेलगावी वंदे भारत, श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा–अमृतसर वंदे भारत और नागपुर (अजनी)–पुणे वंदे भारत शामिल हैं। कटड़ा वंदे भारत ट्रेन से वैष्णो देवी मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा हो जाएगी। इसके अलावा, रेलवे ने पहली बार कश्मीर घाटी तक मालगाड़ी पहुंचाकर नया इतिहास रचा है। इन नई वंदे भारत ट्रेनों से कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। कर्नाटक में वंदे भारत ट्रेनों की संख्या अब 11 (22 सेवाएं) हो जाएगी। जम्मू कश्मीर में वंदे भारत ट्रेनों की संख्या बढ़कर 5 (10 सेवाएं) हो जाएगी। इसी तरह पंजाब में अब कुल 5 वंदे भारत ट्रेनें चलेंगी, जो 10 सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। सेमी-हाईस्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक से बनी हैं और कवच सिस्टम से लैस है, जो ट्रेन की सुरक्षा सुनिश्चित करती है। इन ट्रेनों में फोल्डेबल स्नैक्स टेबल, मोबाइल चार्जिंग पोर्ट, आरामदेह सीट, मॉडर्न टॉयलेट और इन्फोटेनमेंट जैसी सुविधाएं भी हैं। हर कोच में GPS आधारित रियल-टाइम ट्रैकिंग सिस्टम लगा है, जिससे यात्रियों को आने वाले स्टेशन की जानकारी, स्पीड और लोकेशन की सूचना मिलती रहती है। सुबोध\०९\०८\२०२५