ट्रेंडिंग
10-Aug-2025
...


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया नेक्स्टजेन रोलिंग स्टॉक फैक्ट्री का भूमि पूजन -कहा- मप्र सिर्फ ‘मध्य प्रदेश’ नहीं, बल्कि ‘मॉडर्न प्रदेश’ बन गया भोपाल,(ईएमएस)। दुनिया का सबसे तेज विकास करने वाला देश भारत है। कुछ लोग हैं जिनको भारत का विकास पसंद नहीं आ रहा है। खुद को ही दुनिया का बॉस समझ बैठे हैं उन्हें यह बात पच नहीं रही है। उनको समझ नहीं आ रहा है कि भारत कैसे इतनी तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत में भारत के लोगों द्वारा जो चीज बनाई जा रही है वह अगर किसी दूसरे देश में जाए तो उन देशों में बनने वाली चीजों से महंगी हो जाए ताकि दुनिया के लोग उसे खरीदें ही नहीं। यह बात रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भोपाल पास रायसेन में स्थित नेक्स्टजेन रोलिंग स्टॉक फैक्ट्री के भूमि पूजन के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि भारत आज जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है, एक दिन भारत दुनिया की एक बड़ी शक्ति बनकर रहेगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जहां तक रक्षा क्षेत्र की बात है अब हम 24 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा मूल्य की रक्षा वस्तुओं का निर्यात कर रहे हैं। यह भारत की ताकत है, यह नए भारत का नया रक्षा क्षेत्र है और निर्यात निरंतर बढ़ रहा है। रक्षा मंत्री ने साथ ही ऑपरेशन सिंदूर पर भी बात की और कहा कि आतंकियों ने पहलगाम में पर्यटकों को धर्म पूछकर मारा लेकिन भारत ने आतंकियों का कर्म देखकर जवाब दिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को मैन्यूफैक्चरिंग के लिए बीईएमएल रेल हब में नेक्स्टजेन रोलिंग स्टॉक फैक्ट्री का भूमि पूजन करने भोपाल आए। रक्षा मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में आज भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) की नई रेल कोच फैक्ट्री के भूमि पूजन के साथ औद्योगिक विकास को नई दिशा मिली। इस परियोजना में करीब 1,800 करोड़ रुपए का निवेश होगा और अगले दो सालों में फैक्ट्री का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। यहां न केवल रेल के डिब्बों का निर्माण होगा, बल्कि रेलवे के अन्य उत्पाद भी तैयार किए जाएंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि चाहे औद्योगिक विकास हो, या सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पुनरुत्थान, जब इसकी कमान सीएम डॉ मोहन यादव जैसे कर्मठ और समर्पित व्यक्ति के हाथ में हो, तो ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं होती। आपके नए-नए विचार और कार्यशैली के कारण मैं कह सकता हूं कि अब मध्यप्रदेश सिर्फ ‘मध्य प्रदेश’ नहीं, बल्कि ‘मॉडर्न प्रदेश’ बन गया है। शिलान्यास समारोह में राजनाथ सिंह ने कहा कि इस परियोजना का असर केवल इस क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों तक विकास की लहर पहुंचेगी। रक्षा मंत्री ने कहा कि बीईएमएल द्वारा निर्मित वंदे भारत रेल कोच देश के परिवहन क्षेत्र को नई गति दे रहे हैं। सिराज/ईएमएस 10अगस्त25