मुंबई (ईएमएस)। लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 17वें सीजन की शुरुआत जल्द ही होने वाली है। यह शो पुन: मेगास्टार अमिताभ बच्चन के साथ छोटे पर्दे पर वापसी कर रहा हैं। शो का नया सीजन 11 अगस्त से प्रसारित होने जा रहा है। इस बार भी दर्शकों को वही जोश, ज्ञान और उत्साह से भरा मंच देखने को मिलेगा, जिसके लिए केबीसी जाना जाता है। अमिताभ बच्चन ने खुद इस सीजन की शुरुआत को लेकर अपने ब्लॉग पर एक भावुक पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने नए सीजन को लेकर अपनी भावनाएं जाहिर की हैं। अपने ब्लॉग में बिग बी ने लिखा, “काम शुरू... सुबह जल्दी उठना, जल्दी काम शुरू... केबीसी के नए सीजन का पहला दिन... हमेशा की तरह घबराहट, कांपते घुटने और आशंका भी।” उन्होंने यह भी कहा कि शो के प्रतियोगी और दर्शकों की ऊर्जा ही केबीसी की असली ताकत है। “प्रतियोगी और मंच पर बैठे दर्शक इस शो को खास बनाते हैं। उनकी एनर्जी ही हमें जोश देती है। मेरी ओर से उन्हें शुभकामनाएं और प्रार्थनाएं,” उन्होंने आगे लिखा। इस बार शो का प्रमोशनल कैंपेन भी खास है। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन ने केबीसी 17 के लिए नया कैंपेन ‘जहां अक्ल है, वहां अकड़ है’ लॉन्च किया है। यह स्लोगन आज के भारत की सोच को दर्शाता है, जहां ज्ञान सिर्फ जानकारी नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और सफलता की कुंजी बन चुका है। यह कैंपेन दर्शाता है कि आज का आम आदमी अपने ज्ञान पर गर्व करता है और उसे ही अपनी ताकत मानता है। अमिताभ बच्चन ने भी इस कैंपेन की सराहना करते हुए कहा कि केबीसी हमेशा से ज्ञान का उत्सव रहा है और यह नया संदेश उसी भावना को और सशक्त रूप में पेश करता है। यह लोगों को अपने ज्ञान पर गर्व करने के लिए प्रेरित करता है। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ ब्रिटेन के मशहूर गेम शो ‘हू वांट्स टू बी अ मिलियनेयर?’ का भारतीय संस्करण है। इसमें प्रतियोगियों से बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं और उन्हें सही उत्तर चुनना होता है। सुदामा/ईएमएस 11 अगस्त 2025