11-Aug-2025
...


कहा था- वोटर लिस्ट गड़बड़ी कांग्रेस की नाकामी बेंगलुरु (ईएमएस) ।राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग ने 2024 के लोकसभा चुनावों में कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र (बेंगलुरु सेंट्रल संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आता है) में भाजपा के लिए ‘वोट चुराए’ थे। वहीं इसको लेकर चुनाव आयोग ने राहुल को नोटिस भेजा था। हालांकि राहुल को कर्नाटक सरकार में मंत्री एन राजन्ना ने आईना दिखाया और कहा कि वोटर लिस्ट कांग्रेस के समय में बनी थी। हालांकि अब सीएम सिद्धारमैया ने राजन्ना से इस्तीफा ले लिया है। राजन्ना का इस्तीफा मंजूर भी हो गया है। राहुल गांधी के आरोपों पर अपने बयान पर कर्नाटक के मंत्री के एन राजन्ना ने कहा था कि अगर हम ऐसी बातों पर यूं ही बात करने लगेंगे, तो अलग-अलग राय सामने आएंगी। मतदाता सूची कब तैयार हुई थी? यह तब तैयार हुई थी जब हमारी अपनी सरकार सत्ता में थी। उस समय क्या सब लोग आंखें बंद करके चुपचाप बैठे थे? ये अनियमितताएं हुईं थीं। यह सच है। इसमें कुछ भी झूठ नहीं है। ये अनियमितताएं हमारी आंखों के सामने हुईं, हमें शर्म आनी चाहिए। हमने उस समय इस पर ध्यान नहीं दिया। इसलिए हमें भविष्य में सतर्क रहना होगा।