खेल
13-Aug-2025
...


हैदराबाद (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन का मानना है कि सैयद किरमानी विश्व क्रिकेट में अब तक के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। अजहरुद्दीन ने कहा कि कई लोग महेन्द्र सिंह धोनी, ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट या दक्षिण अफ्रीका के मार्क बाउचर को विश्व का सबसे अच्छा विकेटकीपर बल्लेबाज मानने हैं। इन तीनों ने ही अपने करियर में कई उपलब्धियां हासिल कीं पर किरमानी की बात ही अलग थी। किरमानी साल 1983 विश्व कप विजेता भारतीय टीम में शामिल थे। अजहर ने कहा, “किरमानी अभी भी विश्व के नंबर-1 विकेटकीपर हैं। ऐसा विकेटकीपर कभी पैदा ही नहीं हुआ। उनके समय में चार स्पिनरों के साथ विकेटकीपिंग करना आसान नहीं था। 1983 विश्व कप में उन्होंने कई अच्छे कैच लिए। यहाँ तक कि जिस मैच में कप्तान कपिल देव ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 175 रन बनाए थे, उसमें भी किरमानी ने 24 रनों की पारी खेली।” गौरतलब है कि किरमानी ने 1976-86 तक 88 टेस्ट और 49 एकदिवीसय मैच खेले। उन्होंने टेस्ट में 124 पारियों में 27.04 की औसत से 2759 रन बनाए, जिसमें दो शतक और 12 अर्द्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 160 कैच लिए और 38 स्टंपिंग कीं। किरमानी ने एकदिवसीय में 31 पारियों में 20.72 की औसत से 373 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 48 रहा। उन्होंने एकदिवीसय में 27 कैच लिए और 9 स्टंपिंग कीं। उन्होंने 1983 विश्व कप में 14 शिकार किए, जिनमें 12 कैच और दो स्टंपिंग थे। वह टूर्नामेंट में दूसरे सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर थे। उनसे आगे वेस्टइंडीज के जेफ डुजॉन ने 16 शिकार किये थे। । किरमानी की शानदार विकेटकीपिंग के लिए जमकर सराहन भी हुई। उन्होंने करियर में कुल 234 शिकार किए। वह भारत की ओर से विकेट के पीछे सबसे ज्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर्स की सूची मेंचौथे स्थान पर हैं। उनसे आगे ऋषभ पंत 244 शिकार, नयन मोंगिया 261 शिकार और धोनी 829 शिकार हैं। वहीं बतौर विकेटकीपर सबसे अधिक शिकार करने का रिकॉर्ड बाउचर के नाम दर्ज है। साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बाउचर ने 998 शिकार किए। वहीं पूर्व विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट 905 शिकार करने के साथ ही दूसरे नंबर पर हैं। गिरजा/ईएमएस 13 अगस्त 2025