क्षेत्रीय
18-Aug-2025


बिलासपुर (ईएमएस)। सरकण्डा थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी पर्व के दौरान निगम कर्मचारियों पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस घटना में निगम इंजीनियर आशीष पांडेय और राजस्व निरीक्षक हरीश शास्त्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के दौरान आरोपियों ने आरआई का चेन और ब्रेसलेट भी लूट लिया। जानकारी के अनुसार, जन्माष्टमी पर्व पर नगर निगम प्रशासन ने अपने कर्मचारियों को विभिन्न इलाकों में ड्यूटी पर तैनात किया था। इसी क्रम में आरआई हरीश शास्त्री और इंजीनियर आशीष पांडेय की ड्यूटी राजकिशोर नगर और चिंगराजपारा क्षेत्र में लगाई गई थी। देर शाम जब दोनों कर्मचारी थाना सरकण्डा से चंद कदम दूर बहतराई चौक पास पहुंचे, इसी दौरान करीब एक दर्जन असामाजिक तत्वों ने घेरकर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने निगम कर्मचारियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने सडक़ चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में उनके मकान तोड़े हैं। इसी बहाने आरोपी और उसके साथियों ने दोनों कर्मचारियों को सडक़ पर गिराकर बुरी तरह पीटा और लूटपाट कर फरार हो गए। घटना के बाद घायल कर्मचारी सीधे सरकण्डा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। लेकिन थाने में पहले तो मामूली धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामले की जानकारी पुलिस कप्तान तक पहुंची.. उन्होंने तत्काल सख्त रुख अपनाते हुए थानेदार को फटकार लगाई और आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं सहित शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज कराया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मुख्य आरोपी कबाड़ का धंधा करता है और उसकी पुलिस से मिलीभगत भी बताई जाती है। यही वजह रही कि सर कांडा पुलिस ने पहले तो हल्की धाराओं में अपराध दर्ज किया। पुलिस कप्तान के हस्तक्षेप के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज हुआ। बहरहाल आरोपियों की तेजी से तलाश हो रही है। पुलिस ने असमाजिक तत्वों को पकडऩे के लिए टीम गठित कर दी है। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 18 अगस्त 2025