- वन कानून के तहत तीन पर मुकदमा दर्ज भिंड (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के लहार क्षेत्र के जागीर गांव में तीन लोगों ने कछुए को कुल्हाड़ी से काट दिया। उसके बाद कछुए के मांस को पकाकर खा गए। वन विभाग के अधिकारियों ने वीडियो देखकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कछुआ अपने खोल में छिपने का प्रयास कर रहा था।इसी बीच तीनों आरोपियों ने कुल्हाड़ी से वार करके कछुए को मार डाला। वन विभाग के रेंजर बसंत शर्मा के अनुसार शनिवार को करीब 5 घंटे की जांच के बाद आरोपियों की पहचान, वीडियो के आधार पर की गई। तीनों आरोपियों के खिलाफ वाइल्ड लाइफ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। कछुए का इस तरह से कभी शिकार नहीं किया जाता था। यह इस क्षेत्र की पहली घटना है। आरोपियों के नाम लैला पतुआ वाल्मीकि, अंगद वाल्मीकि तथा उदल वाल्मीकि के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एसजे / 31 अगस्त 25