06-Sep-2025
...


मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों की जल्द घोषणा होने की संभावना है क्योंकि राज्य चुनाव आयुक्त ने एक उच्चस्तरीय बैठक पर चुनाव के संदर्भ में समीक्षा की है। मुंबई महानगरपालिका प्रशासन ने बताया कि महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने मनपा मुख्यालय में आयोजित एक विस्तृत बैठक में आम चुनावों की तैयारी की समीक्षा की है। मनपा के अधिकारियों ने कहा कि राज्य चुनाव आयोग ने मनपा द्वारा की गई चुनाव की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया है। गुरुवार को मनपा आयुक्त और प्रशासक भूषण गगरानी, ​​​​अतिरिक्त मनपा आयुक्त (शहर) डॉ अश्विनी जोशी, राज्य चुनाव आयोग के सचिव सुरेश काकाणी, कोंकण विभागीय आयुक्त डॉ.विजय सूर्यवंशी, मुंबई शहर जिला कलेक्टर आंचल सूद गोयल, मुंबई उपनगरीय जिला कलेक्टर सौरभ कटियार की उपस्थिति में एक चुनाव समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में, दिनेश वाघमारे ने मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में मतदाताओं और मतदान केंद्रों की कुल संख्या, मतदाता सूची का विभाजन, प्रस्तावित मतदान केंद्रों का वर्गीकरण, आवश्यक मतदान मशीनें, मतदान मशीनों के भंडारण की व्यवस्था, चुनाव साहित्य, मतदान केंद्रों पर सुविधाएं, चुनाव के लिए आवश्यक अधिकारी और कर्मचारी आदि जैसे विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की और महानगरपालिका द्वारा की गई तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। एक अधिकारी के अनुसार, उन्होंने इस बात पर संतोष जताया कि महानगरपालिका प्रशासन द्वारा चुनाव के लिए की गई तैयारियां पूरी हैं। चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने ये निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर सुविधाएं बढ़ाकर प्रभावी जनजागृति पैदा की जानी चाहिए, ताकि मतदान प्रतिशत बढ़े। पिछले आम महानगरपालिका चुनावों के दौरान आई समस्याओं का समाधान कैसे किया गया, इसे ध्यान में रखते हुए इस वर्ष और अधिक प्रभावी उपाय लागू किए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मतदान प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी तरीके से हो, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। सभी को पारदर्शी और निडर होकर काम करना चाहिए। यह सुनिश्चित करने के लिए कि काम सुचारू और प्रभावी ढंग से पूरा हो, विभिन्न प्रणालियों के बीच उचित समन्वय सुनिश्चित किया जाना चाहिए। स्वेता/संतोष झा- ०६ सितंबर/२०२५/ईएमएस