जबलपुर, (ईएमएस)। द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), जबलपुर लोकल सेंटर के तत्वावधान में हिंदी दिवस के अवसर पर एक अनूठी अभियंता काव्य गोष्ठी का आयोजन 14 सितंबर, रविवार को अपरान्ह 4:00 बजे से जबलपुर लोकल सेंटर, सिविल लाइन्स में किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि यह कार्यक्रम गूगल मीट के माध्यम से हो रहा है, जिससे देशभर के अभियंता ऑनलाइन अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे| गोष्ठी के संयोजक इंजी. सुरेन्द्र सिंह पंवार ने जानकारी दी कि इस काव्य गोष्ठी में देश के विभिन्न हिस्सों से ऐसे इंजीनियर हिस्सा लेंगे, जिन्होंने इंजीनियरिंग के साथ-साथ हिंदी साहित्य और काव्य पाठ में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। गोष्ठी के आयोजन अध्यक्ष आचार्य संजीव वर्मा सलिल होंगे। गोष्ठी में इंजी. अमरेन्द्र नारायण, इंजी. अरविंद मोहन नायक, इंजी. प्रियदर्शन खैरा (भोपाल), डॉ. दुर्गेश ब्योहार, इंजी. विवेक रंजन श्रीवास्तव (भोपाल), इंजी. कपिल चौबे (सागर), इंजी. अनिल कोरी (जबलपुर), इंजी. संजीव अग्निहोत्री (मंडला), प्रो. यशद गौर (बैंगलोर), इंजी. हेमन्त जैन, इंजी. सरस जैन, डॉ. उदय भानु तिवारी ‘मधुकर’ काव्य पाठ करेंगे। इंस्टिट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), जबलपुर लोकल सेंटर के अध्यक्ष इंजी. संजय कुमार मेहता एवं मानसेवी सचिव डॉ. राजीव जैन ने सभी अभियंताओं और साहित्यप्रेमियों से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से उपस्थिति की अपील की है। सुनील साहू / मोनिका / 13 सितबंर 2025/ 05.05