राज्य
15-Sep-2025
...


अगले 24 घंटों में मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी मुंबई, (ईएमएस)। रविवार रात से मुंबई शहर और उपनगरों में बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने मुंबई समेत महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के कारण मुंबई के निचले इलाकों में पानी जमा होने लगा है। पश्चिमी उपनगरों में कुछ जगहों पर पानी के सबमर्सिबल पंप चालू कर दिए गए हैं। दादर-कुर्ला रेलवे लाइन पर भी पानी जमा हो गया है और अगर बारिश जारी रही तो ट्रेन सेवाएं बाधित होने की आशंका है। भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों में भारी बारिश, तूफ़ान, बिजली कड़कने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएँ चलने का अनुमान है। साथ ही, एक बड़ा तूफ़ान दक्षिण मुंबई की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते दादर, चेंबूर, कुर्ला, सायन, घाटकोपर, वर्ली, दक्षिण मुंबई और नवी मुंबई में भारी बारिश की संभावना है। नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की गई है। * मोनोरेल से सभी यात्रियों को बचाया गया: इस बीच, तकनीकी खराबी के कारण मोनोरेल सेवा रोक दी गई। परिणामस्वरूप, सप्ताह के पहले दिन मुंबईवासियों को काम पर जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आपको बता दें कि पिछले महीने यानि अगस्त में भी तकनीकी कारणों से मोनोरेल बंद हो गई थी। इसके बाद सोमवार को एक बार फिर मोनोरेल बंद हो गई। वडाला स्टेशन के पास मोनोरेल में खराबी के कारण सेवा रोक दी गई। ट्रेन के काफी देर तक खड़ी रहने से यात्रियों में दहशत फैल गई। परिणामस्वरूप, ट्रेन में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए दमकल विभाग को बुलाना पड़ा। दमकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया। * अंधेरी सबवे यातायात के लिए बंद रविवार रात से शुरू हुई भारी बारिश के कारण मुंबई के निचले इलाकों में पानी जमा होने लगा है। खासकर, हमेशा जलमग्न रहने वाला हिंदमाता इलाका फिर से जलमग्न हो गया है और मनपा ने तत्काल पंपिंग पंपों की मदद से पानी निकालना शुरू कर दिया है। दूसरी ओर, पश्चिमी उपनगरों में अंधेरी सबवे को लगभग एक से डेढ़ फीट पानी जमा होने के कारण यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। मुंबई पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक जानकारी दी है। - 15 से 20 मिनट देरी से चल रही हैं लोकल ट्रेनें मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों में रविवार रात से भारी बारिश जारी है। इस बारिश के कारण दृश्यता कम होने से लंबी दूरी की उपनगरीय ट्रेनें 15 से 20 मिनट देरी से चल रही हैं। ऐसे में मुंबईवासियों को समय पर अपने कार्यस्थल पहुँचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। मध्य रेलवे के कुर्ला स्टेशन पर रेल पटरियों पर भी पानी जमा होने लगा है। प्रशासन ने नागरिकों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। * अगले 24 घंटों में मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विज्ञान विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अगले 24 घंटों में मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसलिए, मुंबई शहर के साथ-साथ पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के लिए तक का अलर्ट जारी किया गया है। * मराठवाड़ा और विदर्भ में भारी बारिश की संभावना राज्य के अन्य हिस्सों की बात करें तो उत्तर मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के कई जिलों में तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। स्वेता/संतोष झा- १५ सितंबर/२०२५/ईएमएस