अहमदाबाद (ईएमएस)| पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक “स्वच्छ उत्सव” की थीम पर स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस श्रृंखला में 25 सितंबर 2025 को मंडल पर “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर मण्डल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के नेतृत्व में सभी ब्रांच रेल अधिकारियों,अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक दिन, एक घंटा, एक साथ संकल्प के तहत श्रमदान कर स्टेशन परिसर की व्यापक साफ-सफाई की एवं पूरे परिसर को स्वच्छ बनाया गया। सभी ने संकल्पपूर्वक एक दिन, एक घंटा सामूहिक श्रमदान कर स्टेशन परिसर की व्यापक साफ-सफाई की एवं परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में योगदान दिया। श्रमदान के पश्चात मंडल रेल प्रबंधक द्वारा स्टेशन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, शौचालयों की कार्यशीलता, पेयजल की उपलब्धता, प्रतीक्षालयों की स्थिति, प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेनों की स्वच्छता, रनिंग रूम सहित यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। अहमदाबाद स्टेशन के साथ-साथ नई एवं पुरानी रेलवे कॉलोनी साबरमती, वटवा रेलवे कॉलोनी, महेसाणा रेलवे कॉलोनी तथा मंडल रेलवे अस्पताल, साबरमती में भी श्रमदान किया गया। इन स्थानों पर रेलकर्मियों एवं परिवारजनों ने मिलकर सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा” के अंतर्गत आयोजित यह अभियान न केवल स्टेशन और कॉलोनियों की साफ-सफाई तक सीमित रहा, बल्कि इसमें सभी को स्वच्छता के महत्व का बोध कराते हुए सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी प्रोत्साहित किया गया। सतीश/25 सितंबर