खेल
03-Oct-2025
...


286 रनों की बढ़त हासिल की अहमदाबाद (ईएमएस)। ध्रुव जुरेल 125, रविंद्र जडेजा नाबाद 104 और के एल राहुल 100 की शतकीय पारियों की सहायता से भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ यहां पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय तक अपनी पहली पारी में पांच विकेट पर 448 रन बनाकर शिकंजा कस दिया। वहीं वेस्टइंडीज की टीम अपनी पहली पारी में 162 रन ही बना पायी थी। इस प्रकार पारी के आधार पर भारतीय टीम को 286 रनों की अच्छी खासी बढ़त मिल गयी है। मैच के दूसरे दिन भी भारतीय बल्लेबाज हावी रहे। जडेजा और जुरेल ने पांचवें विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी कर वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को कोई अवसर नहीं दिया। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के सयम जडेजा नाबाद 104 और वाशिंगटन सुंदर 9 क्रीज पर मौजूद थे। वेस्टइंडीज की ओर से केवल कप्तान रोस्टन चेज ही दो विकेट ले पाये। राहुल ने इस मैच में अपना 11 शतक पूरा किया। घरेलू सरजमीं पर यह राहुल का दूसरा टेस्ट शतक है। भारतीय टीम की ओर से कप्तान शुभमन गिल 100 गेंद में 50 रन बनाकर चेज की गेंद पर आउअ हुए। वहीं पहले दिन वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की थी। भारतीय तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के सामने वेस्टइंडीज के बल्लेबाज टिक नहीं पाये और पूरी टीम 162 रन ही बना पायी। सिराज ने 4 जबकि बुमराह 3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर ने 2 और एक विकेट लिया। वेस्टइंडीज की तरफ से जस्टिन ग्रीव्स ने सबसे अधिकि 32 रन बनाये। सिराज ने बनाया रिकार्ड सिराज ने इस मैच में चार विकेट लेकर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। वह इस साल 30 टेस्ट विकेट लेने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप देशों के पहले गेंदबाज बन गए, उन्होंने मिशेल स्टार्क को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 29 विकेट लिए हैं। गिरजा/ईएमएस 03अक्टूबर 2025