राष्ट्रीय
21-Oct-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत पर आंख उठाने वालों को सेना तो सबक सिखाती ही है बल्कि एक-एक नागरिक अपने-अपने स्तर पर बदला लेने में देरी नहीं करता। तुर्की और अजरबैजान से भी भारतीयों ने बदला ले लिया है। ये दोनों देशों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान का जमकर सहयोग किया था और भारत के खिलाफ खड़े हो गए थे। हालत ये है कि अजरबैजान में मई से अगस्त 2025 के बीच भारतीय पर्यटकों की संख्या में 56 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि तुर्की में यही गिरावट 33.3 प्रतिशत रही। इससे पहले, दोनों देशों में भारतीय यात्रियों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही थी। 2024 में अजरबैजान में 2.44 लाख भारतीय पर्यटक पहुंचे थे, जबकि तुर्की में 3.31 लाख। लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के बाद माहौल बदल गया। ऑपरेशन सिंदूर के तुरंत बाद भारतीय ट्रैवल कंपनियों और पोर्टलों ने तुर्की और अजरबैजान की यात्रा से बचने की सलाह दी। कंपनियों ने 14 मई को जारी एक बयान में कहा, भारतीय यात्रियों में इस मुद्दे को लेकर गहरी भावनाएं देखी गई हैं। पिछले एक सप्ताह में अजरबैजान और तुर्की के लिए बुकिंग में 60 प्रतिशत की गिरावट आई है। कैंसिल करने वालों की संख्या में 250 प्रतिशत बढ़ोतरी देखी गई। हम अपनी सेना के साथ एकजुटता में इन दोनों गंतव्यों के प्रचार और ऑफर को रोक चुके हैं। अजरबैजान और तुर्की द्वारा पाकिस्तान के पक्ष में खड़े होने का असर न केवल कूटनीतिक स्तर पर देखा गया, बल्कि इसका सीधा प्रभाव उनके पर्यटन उद्योग पर भी पड़ा है। भारत में अब इन देशों को लेकर जनभावना बदली है और इसके चलते ट्रैवल इंडस्ट्री ने भी दूरी बनानी शुरू कर दी है। यदि यह स्थिति बनी रही, तो आने वाले महीनों में यह गिरावट और गहराने की संभावना है। लगभग आधी रह गई पर्यटकों की संख्या अजरबैजान में मई-अगस्त 2024 में लगभग 1 लाख भारतीय पर्यटक पहुंचे थे। मई-अगस्त 2025 में यह संख्या घटकर 44,000 हो गई। अगस्त 2024 में 21,137 और अगस्त 2025 में घटकर सिर्फ 6,032 हो गई। 2025 के पहले आठ महीनों में अजरबैजान आने वाले भारतीयों की संख्या 22 प्रतिशत कम होकर 1.25 लाख रह गई।तुर्की की बात करें तो मई-अगस्त 2024 में लगभग 1.36 लाख भारतीय पर्यटक पहुंचे थे। मई-अगस्त 2025 में इसकी संख्या घटकर 90,400 रह गई। जनवरी-अगस्त 2025 में कुल 1.74 लाख भारतीय पर्यटक पहुंचे। 2024 के मुकाबले 21प्रतिशत की गिरावट देखी गई। वीरेंद्र/ईएमएस 21 अक्टूबर 2025