ट्रेंडिंग
30-Oct-2025
...


ट्रंप ने 50 बार कहा.........लेकिन पीएम मोदी आज भी चुप नालंदा,(ईएमएस)। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने नूरसराय में चुनावी रैली को संबोधित कर कहा, बिहार का युवा सपना देखता है कि इंजीनियर बनूंगा, डॉक्टर बनूंगा। मां-पिता के पास जाता है और कहता है कि मुझे पढ़ाई करनी है। महीनों की मेहनत के बाद परीक्षा से पहले पेपर लीक हो जाता है और बिहार का ईमानदार युवा देखता रह जाता है। राहुल गांधी ने कहा कि नीतीश कुमार कहते हैं कि 20 साल में बिहार को बदल दिया। लेकिन मैं पूछता हूं कि क्या बिहार में अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य मिल सका है। बिहार के अस्पतालों में लोग जीने नहीं मरने जाते हैं। दूसरी ओर पीएम मोदी खड़े हैं। पीएम के हाथ में नीतीश का रिमोट है। नीतीश से जो करवाना है, पीएम मोदी करवा सकते है। बिहार को नीतीश नहीं चलाते हैं। बिहार सरकार को अमित शाह-मोदी चलाते हैं। राहुल गांधी ने कहा, मैं बिहार के युवाओं से सवाल पूछना चाहता हूं। मैं देश के किसी भी प्रदेश में जाता हूं, तब मुझे बिहार के लोग दिखाई देते हैं। दुबई जैसी जगह को आपने अपने खून पसीने से बनाया है। मेरा आपसे सवाल है कि जब आप दुबई और बेंगलुरु जैसा शहर बना सकते हो, तब ये बिहार में क्यों नहीं कर पाते हो। एक समय होता था जब नालंदा यूनिवर्सिटी पूरी दुनिया में मशहूर थी। जापान, कोरिया, इंग्लैंड से लोग पढ़ाई करने नालंदा आते थे। दुनिया की शिक्षा का सेंटर नालंदा हुआ करता था। आज बिहार की यूनिवर्सिटी के बार में दूसरे लोगों से पूछिए। लोग एक ही बात कहते हैं यहां सिर्फ पेपर लीक होता है। जिनकी सेटिंग है उन्हें पेपर मिल जाता है। बिहार के बाकी युवा देखते रह जाते हैं। राहुल गांधी ने छठ पर्व पर यमुना नदी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा है कि मोदी जी छठ पूजा का ड्रामा कर रहे हैं और यमुना नदी में नहाने के बजाय स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। राहुल ने आरोप लगाया कि यह छठ पूजा वोट हासिल करने के लिए किया गया नाटक है और मोदी वोट के लिए मंच पर नाच सकते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी को छठ पूजा या बिहार की परंपरा से कोई लेना-देना नहीं है, उनका मकसद केवल वोट लेना है। राहुल गांधी ने कहा, पीएम मोदी ट्रंप से डरते हैं। 50 बार अमेरिकी राष्ट्रपति ने बोला है। मैंने नरेंद्र मोदी को डराकर ऑपरेशन सिंदूर रोका है। ट्रंप अलग-अलग देशों में जाकर उनका अपमान कर रहे है। कहता है मैंने मोदी को झुका दिया। उनके मुंह से एक आवाज नहीं निकली। ऐसा आदमी बिहार में कभी विकास नहीं ला सकता। ट्रंप हमारी सेना के बारे में बोल रहा है। हमारी वायुसेना के बारे में बोल रहा है। मोदी जी चुप हैं। इंदिरा गांधी ने अमेरिका को चुप कराया था। ट्रंप कहता है मैंने मोदी को फोन लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर रोको और फिर ऑपरेशन रुक गया। आशीष दुबे / 30 अक्टूबर 2025