ट्रेंडिंग
06-Nov-2025
...


-चम्पारण वही धरती है, जहां के लोगों ने महात्मा गांधी को रास्ता दिखाया मोतिहारी,(ईएमएस)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज विधानसभा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए एनडीए पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह वही चम्पारण की धरती है, जहां के लोगों ने महात्मा गांधी को रास्ता दिखाया। इस क्षेत्र से महात्मा गांधी ने सत्याग्रह शुरू किया, लेकिन आज इस क्षेत्र की परिस्थिति क्या है? प्रियंका ने कहा कि हम कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता हैं, जिनको महात्मा गांधी ने रास्ता दिखाया और उन्हें रास्ता दिखाने वाले आपके पूर्वज थे। बिहार के लोगों को इस देश में अपनी भागीदारी समझनी होगी। आपको समझना पड़ेगा कि इस देश को बनाने वाले आपके पूर्वज हैं। जब यहां रास्ता तक नहीं था, उस समय आपके पूर्वज ब्रिटिश साम्राज्य से लड़ाई लड़ रहे थे। उन्होंने कहा कि कल तक यहां के विकास तेजी से हो रहे थे, लेकिन आज स्थिति बदल गई है। आज यहां तीन साल में 27 पुल गिरे हैं। लोग रोजी-रोटी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। रोजगार के लिए पलायन कर रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि बीजेपी के बड़े नेता यहां आते हैं, लेकिन कभी यहां के लोगों से पलायन के कारणों के बारे में नहीं पूछते। आज यहां के शिक्षित लोग मजदूरी कर रहे हैं। पहले किसानी से भी काम चल जाता था, लेकिन इसके लिए सरकार से जो मदद मिलनी चाहिए थी, वह नहीं मिल रही है। पहले इस इलाके में चीनी मिल होती थीं, लेकिन आज वे ठप हैं। आज यहां के किसानों को ईख (गन्ना) बेचने के लिए यूपी जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि आज उद्योग बंद हैं। छोटे व्यापार से भी कमाई हो जाती थी, लेकिन आज वह भी नहीं हो रही है। अब बचा क्या है? आज भ्रष्टाचार चरम पर है। छोटे कार्यों के लिए भी पैसा देना पड़ता है। आज कोई खुशी से त्योहार नहीं मनाता। अस्पतालों की स्थिति भी बदतर है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज संघर्ष कर रही हैं, लेकिन किसी ने उन्हें नहीं समझा। आज जब चुनाव आया तो पैसे भेजे जा रहे हैं। 20 साल से यह सरकार चल रही है, लेकिन कभी रोजगार के लिए नहीं पूछा। बिहार के लोग आज भी देश का निर्माण कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने कभी सम्मान नहीं दिया। बीजेपी यहां के सीएम का भी सम्मान नहीं करती है। आज स्थिति यह है कि वे मंचों पर भी यहां के सीएम को नहीं आने देते। प्रियंका गांधी ने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि आप ऐसी सरकार बनाएं जो आपके अधिकार के लिए सोचे। सिराज/ईएमएस 06नवंबर25