राज्य
18-Nov-2025
...


- गृह मंत्री बोले, ‘नक्सलवाद समाप्ति की दिशा में एतिहासिक कदम’ रायपुर(ईएमएस)।छत्तीसगढ़–आंध्रप्रदेश सीमा पर हुए भीषण मुठभेड़ में नक्सल संगठन को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा बलों ने कुख्यात नक्सली कमांडर माड़वी हिड़मा, उसकी पत्नी राजे (राजक्का) और सब जोनल कमेटी मेंबर टेक शंकर समेत 6 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। इस बड़ी सफलता को बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में निर्णायक माना जा रहा है। मुठभेड़ पर डिप्टी सीएम एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सुकमा-कोंटा की आंध्रप्रदेश से लगती सीमा पर नक्सलियों की गतिविधियों को लेकर विशेष ऑपरेशन चलाया गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हिड़मा, उसकी पत्नी और उसके चार साथी मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि शीर्ष नक्सलियों का मारा जाना नक्सल उन्मूलन के अभियान में बेहद महत्वपूर्ण मोड़ है। आधिकारिक पुष्टि प्रक्रिया जारी है। गृह मंत्री ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नक्सलियों से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “हथियार छोड़कर सम्मानजनक जीवन में लौटें। बस्तर आज नई ऊर्जा के साथ खड़ा है। हमारा बस्तर, हम ही संभालेंगे का नारा युवाओं ने खुद दिया है।” विजय शर्मा ने पुनर्वास नीति पर भी जोर देते हुए कहा कि जो भी नक्सली मुख्यधारा में आना चाहते हैं, उन्हें सुरक्षित कॉरिडोर दिया जाएगा, लेकिन यह तभी संभव है जब वे हथियार के साथ आत्मसमर्पण करें।