खेल
24-Nov-2025
...


गुवाहाटी (ईएमएस)। दक्षिण अफ्रीका के मार्को यान्सन ने भारतीय टीम के खिलाफ यहां दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में 93 रनों की पारी के दौरान सबसे अधिक छक्के लगाने का एक अहम रिकार्ड बना दिया। यान्सन अब भारत के खिलाफ एक टेस्ट पारी में भारत में ही सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गये हैं। इस प्रकार येन्सन ने वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर विव रिचर्ड्स का भी रिकार्ड तोड़ा। येन्सन ने अपनी इस 93 रनों की पारी में 7 छक्के लगाए। ये भारत के खिलाफ भारत में एक पारी में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। इससे पहले विव रिचर्ड्स ने साल 1974 में दिल्ली टेस्ट में 6 छक्के लगाए थे। रिचर्ड्स के अलावा ऑस्ट्रेलिया के आक्रामक सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने भी भारत के खिलाफ एक पारी में 6 छक्के लगाये हैं। उन्होंने यह रिकार्ड साल 2001 में चेन्नई टेस्ट के दौरान किया था, जब उन्होंने 203 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी। भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में विव रिचर्ड्स अब दूसरे नंबर पर हैं उनके 6 छक्के हैं। वहीं मैथ्यू हेडन के नाम 6 और इयान बोथम व इमरान खान के नाम 5-5 छक्के हैं। गिरजा/ईएमएस 24 नंवबर 2025