ट्रेंडिंग
27-Nov-2025
...


वॉशिंगटन(ईएमएस)। अमेरिकी व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी करोलिन लेविट के परिवार से जुड़े एक मामले ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की सख्त आव्रजन नीतियों पर नई बहस छेड़ दी है। ब्राजील मूल की 33 वर्षीय ब्रूना कैरोलिन फरेइरा को 12 नवंबर को बोस्टन के पास रेवियर, मैसाचुसेट्स में यूएस इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट ने हिरासत में ले लिया। फरेइरा, जो लेविट के भाई माइकल की पूर्व मंगेतर हैं, अब लुइसियाना के एक केंद्र में बंद हैं और निर्वासन की प्रक्रिया का सामना कर रही हैं। उनके वकील टॉड पोमेरलो ने बताया कि यह गिरफ्तारी तब हुई जब वह अपने 11 वर्षीय बेटे को स्कूल से लेने जा रही थीं। फरेइरा को 1998 में बचपन में ही अपने माता-पिता के साथ ब्राजील से अमेरिका लाया गया था। डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी के प्रवक्ता ने कहा कि उन्होंने 1999 में टूरिस्ट वीजा की अवधि (जून 1999) ओवरस्टे कर ली थी। इसके अलावा, उन पर बैटरी (हमला) का एक पुराना केस दर्ज है, जिसे डीएचएस ने क्रिमिनल इल्लीगल एलियन का आधार बनाया। हालांकि, वकील पोमेरलो ने इन आरोपों का खंडन किया और कहा कि फरेइरा का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। वह डीएसीए (डिफर्ड एक्शन फॉर चाइल्डहुड अराइवल्स) के तहत निर्वासन से अस्थायी सुरक्षा प्राप्त कर रही थीं, जो 2012 में शुरू हुई ओबामा युग की नीति है। यह कार्यक्रम बचपन में अमेरिका लाए गए अवैध अप्रवासियों को दो साल की सुरक्षा और वर्क परमिट देता है, जिसे रिन्यू किया जा सकता है। पोमेरलो के अनुसार, ट्रंप प्रशासन की डीएसीए समाप्त करने की कोशिशों के कारण फरेइरा का नवीनीकरण रुक गया। वह ग्रीन कार्ड के लिए अंतिम साक्षात्कार की तैयारी कर रही थीं, जो वसंत में होना था। फरेइरा और माइकल लेविट की सगाई करीब 12 साल पहले टूट गई थी। उनका बेटा न्यू हैम्पशायर में पिता के साथ रहता है, लेकिन मां से संपर्क बनाए रखता था। माइकल ने बताया, यह स्थिति बेहद कठिन है। मेरा फोकस सिर्फ बेटे की भलाई पर है। गिरफ्तारी के बाद बेटा मां से बात नहीं कर पाया है। एक स्रोत ने पुष्टि की कि करोलिन लेविट और फरेइरा कई वर्षों से संपर्क में नहीं हैं। फरेइरा की बहन ग्राजिएला डॉस सैंटोस रोड्रीगेज ने कानूनी सहायता के लिए अभियान शुरू किया, जिससे बुधवार सुबह तक 17,000 डॉलर से अधिक जमा हो चुके हैं। अभियान में लिखा है, ब्रूना ने अमेरिका में ईमानदार जीवन बनाया। वह मेहनती और दयालु है, हमेशा दूसरों की मदद करती है। रोड्रीगेज ने कहा कि गिरफ्तारी के दौरान फरेइरा ने अधिकारियों को बताया था कि उनके बेटे की चाची व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी हैं। सहायक सचिव ट्रिशा मैकलॉफलिन ने दोहराया कि डीएसीए स्थायी सुरक्षा नहीं देती, बल्कि अस्थायी राहत है। ट्रंप-नोएम प्रशासन के तहत सभी अवैध प्रवासियों पर निर्वासन कार्रवाई हो रही है। ट्रंप के सख्त इमिग्रेशन क्रैकडाउन के तहत अब तक 60,000 से अधिक लोग हिरासत में हैं, जिससे सुविधाओं में ओवरक्राउडिंग हो गई है। यह मामला डीएसीए के भविष्य और परिवारों पर नीतियों के असर को उजागर कर रहा है, खासकर जब यह व्हाइट हाउस के करीबी परिवार को छू गया। वकील पोमेरलो ने कहा कि लेविट से संबंध सिर्फ संयोग है, लेकिन यह बहस को और तेज कर सकता है। वीरेंद्र/ईएमएस/27नवंबर2025